हिमशिखर गुप्ता ने समाधान शिविर में चन्द्रशेखर ध्रुव को सौपा अनुकंपा नियुक्ति पत्र

Himshikhar Gupta handed over compassionate appointment letter to Chandrashekhar Dhruv in Samadhan Camp

हिमशिखर गुप्ता ने समाधान शिविर में चन्द्रशेखर ध्रुव को सौपा अनुकंपा नियुक्ति पत्र

परिवार के भरण पोषण का मिला सहारा

गरियाबंद। मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के मंशानुसार जिले में अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का त्वरित निराकरण हो रहा है। इससे दिवंगत शासकीय सेवकों के परिजनों को शासकीय नौकरी का लाभ मिल रहा है। जिला प्रशासन की तत्परता एवं संवेदनशीलता से जिले में अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों के निराकरण के लिए तेजी से कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में आज ग्राम कोचवाय में आयोजित समाधान शिविर में जिले के प्रभारी सचिव  हिमशिखर गुप्ता ने ग्राम पंडरीपानी के  चन्द्रशेखर ध्रुव को अनुकंपा नियुक्ति का आदेश सौंपा। उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति पत्र सौंपकर चन्द्रशेखर को निष्ठा एवं लगन से शासकीय सेवा करने की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। चन्द्रशेखर को ग्राम पंचायत मैनपुर-2 में पंचायत सचिव (कर्मी) के पद पर नियुक्ति दी गई है। चन्द्रशेखर के पिता स्व.  तुलस राम ध्रुव का सेवाकाल के दौरान आकस्मिक निधन हो गया था। तत्पश्चात अनुकंपा नियुक्ति हेतु निर्धारित प्रपत्र में उनके पुत्र चन्द्रशेखर द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्यवाही करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गरियाबंद द्वारा अनुकंपा नियुक्ति आदेश पत्र जारी किया गया। शासन की पहल और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के द्वारा अनुकंपा नियुक्ति मिलने से चन्द्रशेखर एवं उनके परिजनों ने खुशी जताते हुए राज्य शासन एवं जिला प्रशासन का आभार जताया।

अनुकंपा नियुक्ति मिलने के बाद चन्द्रशेखर ने कहा कि राज्य शासन की नीति के तहत त्वरित पहल से नौकरी मिल गई है। जिससे आर्थिक समस्याओं को दूर करने एवं परिवार के पालन पोषण में सहायक होगा। अनुकंपा नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थी ने बताया कि अनुकंपा नियुक्ति मिलने से परिवार के भरण पोषण के लिए चिंतित परिजनों की समस्या दूर हो गई है। साथ ही परिवार के विकास का सहारा मिल गया है। उल्लेखनीय है कि शासन के प्रावधानों के तहत कलेक्टर श्री उइके ने अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों को तेजी से निराकृत करने के निर्देश जिलाधिकारियों दिये हैं। साथ ही समीक्षा बैठक में लंबित प्रकरणों का लगातार समीक्षा भी कर रहे है। इसी के तहत अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों को तेजी से निराकृत किया जा रहा है।