चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

Congress to hold state-wide protest on Saturday against arrest of Chaitanya Baghel

चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने शनिवार को प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। सभी जिलों में ईडी का पुतला दहन और रायपुर में महाधरना की तैयारी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर सभी जिलों में ईडी का पुतला दहन किया जाएगा। पार्टी ने इसे "केंद्र की बदले की राजनीति और ईडी के दुरुपयोग" का उदाहरण बताया है।

राजीव गांधी चौक बना प्रदर्शन का केंद्र, विधायक उतरे सड़क पर
रायपुर के राजीव गांधी चौक पर कांग्रेस विधायकों और कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। “केंद्र सरकार की कठपुतली बनी ईडी” जैसे नारों और तख्तियों के साथ कांग्रेसियों ने भूपेश बघेल के समर्थन में मोर्चा खोल दिया।

ईडी दफ्तर के बाहर कांग्रेसियों का हंगामा, टायर जलाकर प्रदर्शन

गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईडी दफ्तर के बाहर जमकर बवाल किया। टायर जलाए गए, जलते टायर को दफ्तर की ओर धकेलने की कोशिश की गई और ईडी की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। प्रदर्शन स्थल पर लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार, बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव, NSUI और यूथ कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


भिलाई में गिरफ्तारी के समय भी विरोध, 6 घंटे तक पूछताछ के बाद एक्शन


शुक्रवार को चैतन्य बघेल के भिलाई स्थित निवास पर करीब 6 घंटे तक ईडी की टीम ने तलाशी और पूछताछ की। बाद में उन्हें शराब घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार कर रायपुर लाया गया। गिरफ्तारी के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईडी टीम को घेरने और उनकी गाड़ी को रोकने की कोशिश की। गौरतलब है कि चैतन्य बघेल का शुक्रवार को जन्मदिन भी था, जिससे मामला और भावनात्मक रूप से गर्म हो गया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि ईडी केंद्र सरकार का राजनीतिक हथियार बन चुकी है। कांग्रेस ने कहा कि चैतन्य की गिरफ्तारी राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है। पूरे प्रदेश में कांग्रेस सड़क से सदन तक विरोध तेज करेगी।