रिहायशी इलाके में शराब दुकान खुलने का विरोध तेज, डुंडा में धरना प्रदर्शन शुरू
Opposition to opening of liquor shop in residential area intensifies, sit-in demonstration begins in Dunda
रायपुर। डुंडा के पाम मिडास के बाजू, फ्रेंड्स क्लब कॉलोनी के भीतर एक शराब दुकान खोले जाने का स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया है। आरोप है कि यह दुकान ज़मीन मालिक की अनुमति के बिना अवैध निर्माण करके खोली गई है, जिससे कॉलोनी के शांत माहौल पर खतरा मंडराने लगा है।
पुराना धमतरी रोड स्थित शासकीय विद्यालय डुंडा के पास खुली इस दुकान को लेकर फ्रेंड्स क्लब, पाम मिडास, E3, न्यू स्वागत विहार और आसपास की कई आवासीय कॉलोनियों में रहने वाले लोगों ने नाराज़गी जताई है। क्षेत्रवासियों ने प्रदर्शन शुरू कर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शराब दुकान से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ेगा, जिससे क्षेत्र की शांति भंग होगी और बच्चों पर भी इसका गलत असर पड़ेगा। लोगों को डर है कि इससे अपराध और सार्वजनिक असुरक्षा की घटनाएं बढ़ सकती हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह दुकान करीब एक महीने पहले डुंडा बस्ती में खोली गई थी, लेकिन विरोध के चलते वहां से हटाकर जल्दबाज़ी में एक बार फिर से रिहायशी इलाके और स्कूल के पास स्थानांतरित कर दी गई। अब दोबारा विरोध तेज होने पर लोगों ने चेतावनी दी है कि जब तक दुकान नहीं हटाई जाती, आंदोलन जारी रहेगा।
प्रशासन की चुप्पी पर भी सवाल
विरोध कर रहे नागरिकों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कॉलोनीवासियों ने दो टूक कहा है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।






