टीम इंडिया के प्रदर्शन से कोच गंभीर नाराज, कहा- बहुत हुआ, अब मेरे प्लान से खेलना होगा, नहीं तो थैंक यू बोल दिया जाएगा
Coach Gambhir is unhappy with Team India's performance, said- enough is enough, now you have to play according to my plan, otherwise you will be told thank you
नई दिल्ली. मेलबर्न टेस्ट में हार के बाद भारतीय हेड कोच गौतम गंभीर ने खिलाडिय़ों से नाराजगी जाहिर की है. इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, मेलबर्न में हार के बाद खिलाडिय़ों के ड्रेसिंग रूम में लौटने के तुरंत बाद गंभीर ने पूरी टीम से कहा कि अब बहुत हो गया.
गंभीर ने खिलाडिय़ों के गलत शॉट सिलेक्शन पर भी नाराजगी जताई. उन्होंने किसी का नाम लिए बिना न्यूट्रल गेम खेलने का बहाना बनाने वाले खिलाडिय़ों को स्पष्ट संदेश दिया कि उनको सिचुएशन के हिसाब खेलना होगा.
रिपोर्ट के मुताबिक, गंभीर ने कहा है कि खिलाडिय़ों को अपने तरीके से खेलने के लिए 6 महीने का समय दिया था, लेकिन अब यह सब खत्म हो गया है. अब से जो भी खिलाड़ी टीम के लिए मेरे प्लान के अनुसार नहीं खेलेंगे, उन्हें थैंक यू कह दिया जाएगा.
टीम में पुजारा को चाहते थे गंभीर
गंभीर ने इस सीरीज में चेतेश्वर पुजारा की वापसी की मांग की थी. गंभीर चाहते थे कि पुजारा टेस्ट टीम में वापस आएं, लेकिन सिलेक्टर्स ने मना कर दिया. 36 साल के पुजारा ने पिछले दो ऑस्ट्रेलियाई दौरे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. उन्होंने 2018 के दौरे में सात पारियों में सबसे ज्यादा 521 रन बनाए थे. उन्होंने 21 के दौरे में भी 271 रन बनाए. पुजारा को गाबा टेस्ट में उनकी अहम भूमिका के लिए याद किया जाता है, जहां उन्होंने भारत को जीत दिलाने के लिए 211 गेंदें खेली थीं.
पंत का गैरजिम्मेदाराना शॉट
ऋषभ पंत और विराट कोहली मेलबर्न टेस्ट में भी गैर-जिम्मेदाराना शॉट खेलते दिखे. पंत के शॉट पर कप्तान रोहित शर्मा ने सलाह दी तो सुनील गावस्कर ने उनके शॉट को बेवकूफी बताया. पंत पहली पारी में स्कॉट बोलैंड की बॉल पर स्कूप शॉट खेलने की कोशिश में डीप-थर्डमैन पर कैच हुए. वहीं, कोहली पूरी सीरीज में कई बार ऑफ साउड की बाहर जाती बॉल पर आउट हुए.
मेलबर्न में आखिरी दिन हारा भारत
भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा टेस्ट 184 रन से हार गई. इस हार के बाद टीम 5 मैचों की सीरीज में 1-2 से पिछड़ गई है. आखिरी मुकाबला सिडनी में 3 जनवरी से खेला जाएगा.
डबलूटीसी फाइनल की राह और कठिन
इस हार के बाद भारत की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल पहुंचने की राह और कठिन हो गई है. टीम 52.78 प्रतिशत पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर है. जबकि, ऑस्ट्रेलिया 61.46 प्रतिशत लेकर दूसरे स्थान पर है. साउथ अफ्रीका की टीम 66.67 प्रतिशत पॉइंट्स के साथ फाइनल में पहुंच चुकी है.






