बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना : निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
Beti Bachao-Beti Padhao Scheme: Free health check-up camp organized
बेमेतरा। जिले में सुशासन त्योहार के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविरों के दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत किशोरी बालिकाओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर परियोजना बेमेतरा अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहरेंगा एवं परियोजना बेरला अंतर्गत ग्राम पंचायत सल्धा में आयोजित हुआ। जिला महिला सशक्तिकरण केंद्र (हब) द्वारा भारत सरकार की कार्ययोजना के अनुरूप, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी चन्द्रबेश सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। शिविर में किशोरी बालिकाओं को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सेनेटरी पैड एवं संगिनी दीदी के गोठ पुस्तिका का वितरण किया गया।
इस अवसर पर बालिकाओं का हीमोग्लोबिन (H.B.) टेस्ट कर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन, बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान संतुलित आहार, आयरन युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन, IFA टैबलेट के महत्व, एनीमिया की रोकथाम एवं मासिक धर्म स्वच्छता जैसे विषयों पर विशेष चर्चा की गई। इसके अलावा महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर जैसे 181 सखी वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा पॉक्सो अधिनियम की जानकारी भी उपस्थित हितग्राहियों को दी गई। इस शिविर में परियोजना अधिकारी, जिला महिला सशक्तिकरण केंद्र, सखी वन स्टॉप सेंटर, चाइल्डलाइन की टीम, सेक्टर सुपरवाइजर एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही।






