आईटीआई द्वारा विद्यालयों में तकनीकी शिक्षा हेतु जागरूकता अभियान
Awareness campaign for technical education in schools by ITI
दंतेवाड़ा, 21 जनवरी 2026 शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), दंतेवाड़ा में वर्तमान में कोपा, मैकेनिक डीजल और वेल्डर ट्रेड संचालित हैं। ये सभी प्रशिक्षण एक वर्षीय एवं पूर्णतः निःशुल्क हैं। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), द्वारा प्रवेश प्रतिशत में वृद्धि एवं तकनीकी शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से संस्था द्वारा विभिन्न विद्यालयों में संपर्क एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में विगत दिवस आत्मानंद शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, आवराभाटा तथा सेजस स्कूल, दंतेवाड़ा में आईटीआई से संबंधित जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस दौरान श्री संदीप पाठक, श्री चुन्नीलाल साहू एवं श्री हनुमान प्रसाद गुप्ता द्वारा आईटीआई में संचालित ट्रेड, प्रशिक्षण की विशेषताएँ, रोजगार संभावनाएँ तथा अप्रेंटिसशिप अवसरों की विस्तृत जानकारी विद्यार्थियों को दी गई। कार्यक्रम में 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया एवं तकनीकी प्रशिक्षण के प्रति गहरी रुचि दिखाई। आईटीआई टीम ने विद्यार्थियों को भविष्य के तकनीकी करियर के लिए सही मार्गदर्शन एवं अवसरों की जानकारी देकर उन्हें प्रोत्साहित किया। ज्ञात हो कि प्रवेश सत्र 2026-27 हेतु ऑनलाइन आवेदन मई, जून 2026 में विभाग द्वारा जारी किए जाएंगे। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी (10वीं उत्तीर्ण) निःशुल्क तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के बेहतर अवसर हासिल कर सकते हैं।






