रजत जयंती महोत्सव पर सूरजपुर के दो प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए 38.39 करोड़ रुपये स्वीकृत
38.39 crore approved for the construction of two major roads in Surajpur on the occasion of Silver Jubilee celebrations.
सूरजपुर/ 28 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती महोत्सव के विशेष अवसर पर शासन द्वारा प्रदेशभर में अधोसंरचना विकास को गति देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग द्वारा जिला सूरजपुर के अंतर्गत दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए कुल 38 करोड़ 39 लाख 87 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिशुनपुर - सूरजपुर - ओड़गी मार्ग (राज्य मार्ग-16) के सुदृढ़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए 32 करोड़ 24 लाख 47 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह मार्ग जिले का एक प्रमुख यातायात मार्ग है, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लोगों का आवागमन होता है।
इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र प्रेमनगर के अंतर्गत जमदेई से पोतका मार्ग पर रेहण्ड नदी तक सड़क निर्माण कार्य हेतु 6 करोड़ 15 लाख 40 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस सड़क के निर्माण से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्ग से बेहतर संपर्क प्राप्त होगा।
इन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, साथ ही आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होने की संभावना है, जिससे आमजन को जल्द ही बेहतर यातायात सुविधाओं का लाभ मिलेगा।






