पीएम आवास योजना से स्व सहायता समूह की महिलाओं को मिला रोजगार
Women of self-help groups got employment from PM Housing Scheme
आवास पूर्णता में निभा रहीं हैं अपनी महत्वपूर्ण भूमिका
अम्बिकापुर। प्रत्येक व्यक्ति का सपना होता है कि उसका स्वयं का पक्का मकान हो। प्रधानमंत्री आवास योजना आज जरूरतमंद लोगों के इस सपने को साकार कर रही है, योजना के तहत प्रदेश के लाखों लोगों के सपनों का आशियाना बनकर तैयार है। जिसमें वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित एवं सुखमय जीवन व्यतीत कर रहे हैं। योजना से जिले के कई परिवार समाज में सम्मानजनक और स्थिर जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना ने एक ओर जहां लोगों को आवास प्रदान किया है, वहीं दूसरी ओर रोजगार प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भरता दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जिले की महिलाओं ने इस योजना को आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बना लिया है। स्व सहायता समूह की महिलाएं आवास निर्माण हेतु निर्माण सामग्री प्रदान कर आवास पूर्णता में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहीं हैं। समूह की दीदियों द्वारा समूह से लोन प्राप्त कर योजना के हितग्राहियों को आवास निर्माण हेतु ईंट, सीमेंट, गिट्टी, छड़, सेंटरिंग सामान एवं मिक्सर मशीन उपलब्ध कराया जा रहा है।
महिलाओं ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना उनके जीवन में नई रोशनी लेकर आयी है, जिसके माध्यम से उन्हें रोजगार का एक नया और सशक्त माध्यम मिल गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना हेतु प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री साय को धन्यवाद दिया।






