गुना। आकांक्षी जिले में बेहतरी की संभावना तलाशने पहुंचे केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी खाद संकट पर सवालों से दो-चार हुए। किसानों को खाद मिलने में हो रही परेशानियों पर सवाल हुए तो कृषि राज्य मंत्री चौधरी ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते डीएपी खाद में थोड़ी कमी आई है। उनका कहना था कि पहले खाद की जिस खेप को अपने यहां आने में 14 दिन लगते थे, वहीं अब 45 दिन यानी तीन गुना अधिक समय लग रहा है। इसी वजह से प्रधानमंत्री और कृषि मंत्री प्राकृतिक और जैविक खेती पर जोर दे रहे हैं।
विदेशी साजिश
यहां मीडिया से चर्चा में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि खाद संकट में भी विदेशी साजिश है। क्योंकि डीएपी बाहर से मंगाना पड़ता है। इसकी कीमत बहुत ज्यादा बढ़ा दी है। वो जान-बूझकर चाह रहे हैं कि भारत का किसान आंख मूंदकर डीएपी, यूरिया और पेस्टीसाइड (कीटनाशक दवाइयां) का उपयोग करे, परंतु प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान चाह रहे हैं कि किसान को कैसे सीधे फायदा पहुंचाएं।
दोनों राज्यों में स्पष्ट बहुमत का दावा
केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी ने महाराष्ट्र और झारखंड राज्य में हो रहे चुनावों में सरकार बनने के सवाल पर कहा कि दोनों राज्यों में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलेगा। क्योंकि, मतदाता ने पीएम मोदी की नीतियों और योजनाओं पर वोट किया है। इतना ही नहीं, जहां भी उपचुनाव हो रहे हैं, वहां भी भाजपा के उम्मीदवार ही जीत दर्ज कराएंगे।
किसानों ने किया चक्काजाम
खाद न मिलने से किसान परेशान हो रहे हैं। बुधवार देरशाम गुना नानाखेड़ी मंडी में किसानों ने खाद न मिलने पर सड़क पर आकर चक्काजाम कर दिया। इसकी सूचना पुलिस को लगते ही मौके पर पहुंचे पुलिस ने किसानों को समझाया और जाम खुलवाया। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई थीं। इस दौरान करीब 20 मिनट तक यातायात आवागमन बाधित हुआ।