पीथमपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच आज से जलाया जाएगा यूनियन कार्बाइड का कचरा

Union Carbide's waste will be burnt from today amid tight security in Pithampur

पीथमपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच आज से जलाया जाएगा यूनियन कार्बाइड का कचरा

भोपाल से यूनियन कार्बाइड का 337 जहरीला कचरा लेकर 12 कंटेनर गुरुवार अल सुबह पीथमपुर की रामकी कंपनी पहुंचे। आज से ही कचरे को जलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। स्थानीय आमजन के विरोध के चलते यहां कड़ी सुरक्षा इंतजाम के बीच यह प्रक्रिया वैज्ञानिक तरीके से अंजाम देने की तैयारी की गई है।

परीक्षण के तौर पर पहले 90 किलोग्राम, 180 किलोग्राम और फिर 270 किलोग्राम कचरे को भस्मक में जलाकर देखा जाएगा। इस दौरान विज्ञानियों द्वारा जो मात्रा उचित निष्पादन के लिए मान्य होगी, उसी के आधार पर इसे जलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया में करीब तीन दिन का समय लगेगा।

2015 में भी यहां जलाया गया था कचरा

बता दें कि पीथमपुर स्थित भस्मक में 13 अगस्त 2015 को भी यूनियन कार्बाइड से 10 टन जहरीले कचरा निस्पादन के लिए भेजा गया था। तब परीक्षण के तौर पर तीन दिन जलाया गया था।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रायल रन के दौरान भस्मक में हर घंटे 90 किलो कचरा जलाया गया था। इसी ट्रायल रन रिपोर्ट के आधार पर उच्च न्यायालय ने जहरीले कचरे का निपटान पीथमपुर में करने के निर्देश दिए हैं।

ग्रीन कॉरीडोर बनाकर लाया गया

भोपाल से यूनियन कार्बाइड का जहरीला कचरा 250 किमी का ग्रीन कॉरीडोर बनाकर लाया गया। पूरे रास्ते में जगह-जगह पुलिस तैनात रही। जहरीले कचरे से भरे 12 कंटनरों के साथ फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित पुलिस के वाहन भी चल रहे थे। इस तरह टोटल 18 गाड़‍ियां चल रही थीं।