पीएम जनमन योजना से बदली कमार बस्ती की तस्वीर

The picture of Kamar Basti changed due to PM Janman Yojana.

पीएम जनमन योजना से बदली कमार बस्ती की तस्वीर

रायपुर, 17 दिसंबर 2025

प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) ने महासमुंद जिले के ग्राम बांसकुड़ा की कमार बस्ती को विकास की मुख्यधारा से जोड़ दिया है। लंबे समय तक सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित रही जनजातीय बहुल बस्ती में अब बदलाव साफ दिखाई देने लगा है। वर्षा ऋतु में कच्ची सड़क के क्षतिग्रस्त हो जाने से स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और आजीविका बुरी तरह प्रभावित होती थी।

इन समस्याओं के समाधान के लिए वर्ष 2023-24 में ग्राम बांसकुड़ा का चयन पीएम जनमन योजना के अंतर्गत किया गया। योजना के तहत 79.23 लाख रुपये की लागत से 1.60 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण किया गया। सड़क निर्माण के बाद गांव में स्वास्थ्य सेवाएं अब नियमित रूप से पहुंच रही हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी सुधार हुआ है, विद्यार्थियों की उपस्थिति और रुचि बढ़ी है। किसानों को उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिली है और बांस शिल्प उत्पादों की बिक्री से कमार परिवारों की आय में वृद्धि हुई है। गांव के लोगों का कहना है कि पीएम जनमन योजना ने उनके जीवन को आसान, सुरक्षित और सम्मानजनक बना दिया है।