पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी गैस की आपूर्ति सुचारू, खाद्य विभाग ने की अफवाहों से दूर रहने की अपील
Supply of petrol, diesel and LPG gas is smooth, Food Department appeals to stay away from rumours.
अम्बिकापुर 23 अप्रैल 2026 जिला खाद्य विभाग द्वारा आम जनता को सूचित किया गया है कि सरगुजा जिले में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी गैस सहित सभी अत्यावश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य एवं सुचारू रूप से जारी है। इन वस्तुओं की आपूर्ति तेल कंपनियों से नियमित रूप से प्राप्त हो रही है तथा जिले में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य स्तर पर भी पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। अतः इन आवश्यक वस्तुओं की कमी को लेकर फैल रही किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और सतर्क रहें।
जिला खाद्य अधिकारी ने बताया गया है कि जिले में वर्तमान में कुल 77 पेट्रोल/डीजल पंप एवं 17 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनके माध्यम से उपभोक्ताओं को नियमित रूप से पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। इन सभी माध्यमों से वितरण व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित है।
विभाग द्वारा तेल कंपनियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखा जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला खाद्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और आवश्यकतानुसार ही सामग्री का उपयोग करें, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे।






