केन्द्रीय जेल में शोएब ढेबर पर 3 माह का मुलाकात प्रतिबंध
Shoaib Dhebar banned from meeting in Central Jail for 3 months
शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप
रायपुर। केन्द्रीय जेल रायपुर में बंद पूर्व मेयर एजाज ढेबर के भतीजे और छत्तीसगढ़ शराब घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर को आगामी तीन महीनों तक किसी भी प्रकार की मुलाकात से प्रतिबंधित कर दिया गया है। यह कार्रवाई जेल परिसर में नियमों का उल्लंघन करने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में की गई है।
जेल अधीक्षक की ओर से जारी आदेश के अनुसार, शोएब ढेबर ने अधिवक्ता मुलाकात के समय अधिकारियों की अनुमति के बिना जबरन मुलाकात कक्ष में प्रवेश किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा और संचालन व्यवस्था में विघ्न डाला, जिसे गंभीर उल्लंघन माना गया।
जेल प्रशासन ने साफ किया है कि जेल परिसर की सुरक्षा, अनुशासन और संचालन में किसी भी प्रकार की बाधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर सख्त रवैया अपनाया जाएगा और ज़रूरत पड़ी तो और भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।






