राष्ट्रीय आम महोत्सव 6 जून से: 200 से अधिक किस्में और 56 व्यंजन होंगे आकर्षण का केंद्र
National Mango Festival from June 6: More than 200 varieties and 56 dishes will be the center of attraction
रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी, छत्तीसगढ़ शासन और प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में 6 से 8 जून 2025 तक रायपुर के कृषि महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस तीन दिवसीय आयोजन में आम की 200 से अधिक किस्मों और 56 से भी अधिक आम से बने व्यंजनों का प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रतियोगिताओं और प्रदर्शन का आयोजन
महोत्सव के दौरान देशभर के किसान और आम उत्पादक दशहरी, लंगड़ा, चौसा, अलफांसो, मल्लिका, आम्रपाली, पूसा अरुणिमा, नूरजहां, मियाजाकी जैसी खास किस्मों के आम लेकर हिस्सा लेंगे। साथ ही अचार, चटनी, पना, आमरस, जैम, मिठाई जैसे व्यंजनों की प्रतियोगिताएं भी होंगी। प्रतिभागी 5 से 10 आम (प्रति किस्म) और न्यूनतम 250 ग्राम उत्पाद के साथ भाग ले सकते हैं।
आम आधारित सजावट और मॉडल भी होंगे आकर्षण
विद्यालय और कॉलेज के विद्यार्थी, महिलाएं और आम नागरिक भी आम की सजावट, बोनसाई और आम आधारित मॉडल प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। प्रकृति की ओर संस्था की ओर से 5 गुठलियां लाने वाले को उन्नत किस्म का आम पौधा दिया जाएगा।
तकनीकी सत्र और सफलता की कहानियां
7 जून को “आम उत्पादन: समस्या एवं समाधान” विषय पर तकनीकी चर्चा होगी।
8 जून को आम उत्पादकों की सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी।
तीनों दिन प्रदर्शनी सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक आम जनता के लिए खुली रहेगी।
निःशुल्क प्रवेश और पंजीयन
महोत्सव में पंजीयन और प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क है। आम के पौधे और उत्पाद भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। समापन समारोह में प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
राष्ट्रीय आम महोत्सव का उद्देश्य न केवल आम के स्वाद और विविधता को प्रदर्शित करना है, बल्कि युवाओं और किसानों को आम उत्पादन और इससे जुड़े उद्यम की ओर आकर्षित करना भी है।






