सैन्य अनुशासन व्यक्ति को समयबद्धता, आत्म नियंत्रण और नेतृत्व के गुण सीखाती है : राज्यपाल डेका

Military discipline teaches a person punctuality, self-control and leadership qualities: Governor Deka

सैन्य अनुशासन व्यक्ति को समयबद्धता, आत्म नियंत्रण और नेतृत्व के गुण सीखाती है : राज्यपाल डेका

राज्यपाल डेका पहुंचे सैनिक स्कूल अंबिकापुर, राज्य के पहले एसएसबी प्रशिक्षण केंद्र का किया उद्घाटन

अम्बिकापुर। राज्यपाल रमेन डेका ने आज सैनिक स्कूल अंबिकापुर का दौरा किया। वे पूर्व राज्यपाल शेखर दत्त (सेना मेडल) के बाद इस प्रतिष्ठित संस्थान का दौरा करने वाले दूसरे राज्यपाल बने। सैन्य परंपराओं से सुसज्जित परिसर में प्राचार्य कर्नल रीमा सोबती ने उनका स्वागत किया। विद्यालय के कैडेटों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर राज्यपाल का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर राज्यपाल डेका ने विद्यालय परिसर में राज्य के पहले और एकमात्र सेवा चयन बोर्ड (एसएसबी) प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। यह केंद्र कैडेटों को सशस्त्र बलों में भर्ती की प्रक्रिया के लिए व्यावहारिक एवं मानसिक रूप से तैयार करने हेतु स्थापित किया गया है। इसके अलावा उन्होंने विद्यालय के ‘विक्रम बत्रा ब्लॉक’ में स्थापित मां सरस्वती की प्रतिमा का भी अनावरण किया।

राज्यपाल महोदय के सम्मान में आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में प्राचार्य कर्नल रीमा सोबती ने उनका औपचारिक स्वागत करते हुए विद्यालय की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने पूर्व कैडेट अनिमेष कुजूर की हालिया उपलब्धियों और खेल के क्षेत्र में कैडेटों की सफलताओं की जानकारी दी। प्राचार्य ने कहा कि राज्यपाल का यह दौरा सैनिक स्कूलों के महत्व और राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में संभाग आयुक्त नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) दीपक कुमार झा, कलेक्टर विलास भोसकर, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल, डीएफओ तेजस शेखर, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक सहित सैनिक स्कूल के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमन डेका ने कहा, कि जीवन में “सैन्य अनुशासन“ आवश्यक है। यह अनुशासन व्यक्ति को समयबद्धता, आत्मनियंत्रण और नेतृत्व के गुण सिखाता है। सैनिक स्कूल इस दिशा में भावी पीढ़ी को सुदृढ़ बनाने का कार्य कर रहा है।“ उन्होंने बच्चों को शांत चित्त से निर्णय लेने और निरंतर आत्मविकास की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा दी।

राज्यपाल डेका ने इस अवसर पर उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. पी. श्रीनिवास, स्क्वाड्रन लीडर जेम्स नायर, गणित शिक्षक टी. मल्लेश्वर राव, मेस मैनेजर आशीष शरण तथा नर्सिंग परिचारक छोटेलाल यादव को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया। सैनिक स्कूल के प्राचार्य ने उन्हें स्मृति चिन्ह भी भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का समापन उप प्राचार्य डॉ. पी. श्रीनिवास के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने राज्यपाल व समस्त गणमान्य अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त कैडेट, शिक्षक और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।