ग्राम चपरीद में अतिक्रमणकारियों से भूमि कराई मुक्त
Land freed from encroachers in village Chapreed
सुशासन तिहार का असर : आवेदनों पर कार्रवाई शुरू
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिले में सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। सुशासन तिहार के प्रथम चरण में नागरिकों से उनकी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए, वहीं द्वितीय चरण में इन समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया तेजी से जारी है।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिले के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी संवेदनशीलता के साथ आमजनों की समस्याओं के निराकरण में जुटे हुए हैं।
इसी कड़ी में आरंग विकासखंड के ग्राम चपरीद में अतिक्रमण से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिन्हें ग्रामीणों ने समाधान पेटी में डालकर प्रशासन तक पहुंचाया। इन शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए तहसीलदार श्री जी. एन. सिदार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अतिक्रमित भूमि को बुलडोजर कार्रवाई करते हुए मुक्त कराया गया।
ग्राम चपरीद के निवासियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी शिकायत पर शीघ्र कार्रवाई हुई, यह शासन की एक सराहनीय पहल है। सुशासन तिहार के माध्यम से जनता और शासन के बीच की दूरी कम हो रही है और विश्वास में वृद्धि हो रही है।






