प्रधानमंत्री आवास निर्माण तेजी से पूरा कराने लगी जनचौपाल
Janchaupal started getting the construction of Prime Minister's house completed rapidly.
रायपुर, 13 मई 2026

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण समय-सीमा में पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन बलरामपुर-रामानुजगंज ने निगरानी और समीक्षा तेज कर दी है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत बदौली में जिला पंचायत सीईओ की मौजूदगी में विशेष जनचौपाल और समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम पंचायत बदौली, कुन्दीकला और शिवपुर के प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बैठक के दौरान हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उनके आवास निर्माण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। जिन आवासों का निर्माण अभी तक शुरू नहीं हुआ उन्हें तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। जिन आवासों का निर्माण प्लिंथ से टॉप स्तर तक पहुंच चुका है, उनका कार्य आगामी 15 दिनों के भीतर पूर्ण किया जाए। इसके अलावा टॉप लेवल पूरा होने के 10 दिनों के भीतर सेंट्रिंग और ढलाई का कार्य अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को समय पर तकनीकी मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। समीक्षा बैठक में ग्राम पंचायत सिधमा और खोखनिया के सचिवों की अनुपस्थिति के मामले में दोनों सचिवों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
जनचौपाल में विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि भूमि विवाद, पलायन अथवा आरआरसी से संबंधित लंबित प्रकरणों के दस्तावेज ग्राम सभा प्रस्ताव सहित एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत किए जाएं, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण कर आवास निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके।






