सीहोर नगर पालिका इंजीनियर पर लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई, मकान निर्माण के लिए मांगे थे 70 हजार रुपये
Lokayukta police action against Sehore Municipality engineer who had asked for 70 thousand rupees for the construction of a house
सीहोर। सोमवार की सुबह लोकायुक्त की टीम ने छापामार कार्रवाई की। इस कार्रवाई में टीम ने दो कर्मचारियों को आरोपित बनाया है। बताया जा रहा है कि नगर पालिका के इंजीनियर ने मकान निर्माण की अनुमति के लिए 70 हजार की मांग की थी, जिसकी शिकायत आवेदक ने की थी। इसके बाद छापा मारा गया।
जानकारी अनुसार सोनवार को लोकायुक्त डीएसपी के साथ टीम ने कार्रवाई की। आवेदक सुरेश दांगी ने शिकायत की थी कि इंजीनियर रमेश वर्मा ने उनके लुनिया चौराहे स्थित प्लाट पर मकान निर्माण के लिए रिश्वत मांगी थी।
अनुमति का आवेदन करने के बाद इंजीनियर वर्मा ने एक लाख की रिश्वत मांगी थी। इसके बाद 70 हजार में बात तय हुई। इसकी मोबाइल रिकॉर्डिंग भी आवेदक के पास मौजूद थी। जो आवेदक ने लोकायुक्त को मुहैया कराए। आवेदक का कहना है कि मैंने बार-बार निवेदन किया था और वो मुझे मेरे ही प्लाट पर मकान नहीं बनाने दे रहे थे। परेशान होकर शिकायत की थी।
इनके बाद कार्रवाई की गई। मामले को लेकर डीएसपी अनिल वाजपेयी ने बताया कि हमें शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई है। इसमें आरोपित को पकड़ लिया है। इसके साथ ही आरोपित के साथ ऑपरेटर दानिश और एक अन्य प्राइवेट इंजीनियर अंशुल जैन से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल कार्रवाई जारी है।






