समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने दिए किसान पंजीयन में तेजी लेन के निर्देश
In the time limit meeting, the collector gave instructions to expedite the farmer registration
बिना अनुमति बजने वाले डीजे को जप्त करने के निर्देश
महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने निर्वाचन समाप्ति के पश्चात मंगलवार सुबह 10 बजे समय सीमा की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन का सफलतापूर्वक संपन्न होने पर बधाई दी। बैठक में जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे तथा अन्य विकासखण्ड अधिकारी वीसी के माध्यम से जुडे़ थे।
कलेक्टर ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को समय पर कार्यालय आने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन समाप्ति के पश्चात शासन के सभी कार्य एवं आम जनता की समस्याओं का निराकरण नियमित और सुचारू रूप से किया जाए। शासन की मंशानुरूप सभी जिला स्तरीय अधिकारी सहित अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारी एवं मैदानी अमले भी निर्धारित समय सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंचना सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रभारी अधिकारियों को समय समय पर कार्यालयों के औचक निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने वर्तमान में जारी बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर प्रतिबंध का पालन करने कहा है। साथ ही कहा कि बिना अनुमति के डीजे बजाने पर जप्ती की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने किसान पंजीयन की जानकारी लेते हुए कहा कि इसमें आवश्यक तेजी लाएं। उन्होंने किसानों का एग्रीस्टेक परियोजना अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री एप्प/पोर्टल में सीएससी और सहकारी समितियों के माध्यम से रजिस्ट्रेशन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि किसान स्वयं भी एग्रीटेक एप्प के माध्यम से अपना पंजीयन कर सकते है। अभी तक 18437 किसानों ने पंजीयन करा लिया है। इसी तरह उन्होंने धान उठाव की प्रगति की समीक्षा की। अभी तक 8 लाख 42 हजार क्विंटल धान का उठाव कर लिया गया है। शेष 2 लाख 60 हजार क्विंटल धान का उठाव आगामी 10 दिनों के भीतर करने के निर्देश दिए हैं।






