सदन में भावना बोहरा ने डायल 112, महिला उत्पीड़न व शिशु वैक्सीन भंडारण पर मांगा जवाब

In the House, Bhawna Bohra sought answers on dial 112, women harassment and child vaccine storage

सदन में भावना बोहरा ने डायल 112, महिला उत्पीड़न व शिशु वैक्सीन भंडारण पर मांगा जवाब

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने तीन महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार से सवाल पूछकर न सिर्फ स्थानीय मुद्दों को उठाया बल्कि महिला सुरक्षा और शिशु स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषयों को भी प्राथमिकता में रखा।

भावना बोहरा ने डायल 112 आपातकालीन सेवा की टेंडर प्रक्रिया, पंडरिया विधानसभा में महिला उत्पीड़न के मामलों और नवजात शिशुओं के वैक्सीन भंडारण और निगरानी व्यवस्था को लेकर विस्तृत सवाल पूछे।

डायल 112: टेंडर प्रक्रियाधीन, 7 करोड़ किमी की सेवा यात्रा
डायल 112 सेवा पर बोहरा ने पूछा कि इसका टेंडर कब समाप्त हुआ, संचालन किसके माध्यम से हो रहा है और क्या प्रक्रिया चल रही है? उप मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि डायल 112 का टेंडर अभी समाप्त नहीं हुआ है, लेकिन नई टेंडर प्रक्रिया प्रगति पर है। अब तक 11 जिलों के लिए 252 ईआरव्ही वाहन खरीदे गए हैं। द्वितीय चरण में राज्यभर में 396 वाहन क्रियान्वयन हेतु लिए गए हैं। जून 2025 तक डायल 112 वाहनों ने 7,11,55,231 किलोमीटर की दूरी तय की है।

पंडरिया में महिला अपराध के 336 मामले, पिंक थाना कबीरधाम में संचालित

महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भावना बोहरा ने पंडरिया में जनवरी 2023 से जून 2025 के बीच दर्ज महिला अपराध के मामलों की जानकारी मांगी। गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि इस अवधि में कुल 336 मामले दर्ज हुए, जिनमें से 308 मामलों का निराकरण हो चुका है, जबकि 28 प्रकरणों पर जांच जारी है। पिंक थाने के संदर्भ में उन्होंने बताया कि कबीरधाम जिले के तहत एक महिला थाना पहले से संचालित है, जो पंडरिया क्षेत्र को भी कवर करता है।

शिशु वैक्सीन भंडारण पर कड़ी निगरानी, 3682 लीटर मासिक क्षमता

लोक स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बोहरा के प्रश्न का उत्तर देते हुए बताया कि कबीरधाम जिले में नवजात शिशुओं की वैक्सीन के लिए 3682 लीटर प्रतिमाह भंडारण क्षमता है। कोल्ड चेन पॉइंट्स पर आईस लाइन रेफ्रिजरेटर (ILR) के ज़रिए वैक्सीन 2°C से 8°C तापमान पर संरक्षित की जाती है। तापमान की दो बार निगरानी, लॉगबुक एंट्री और थर्मल लॉगर की व्यवस्था लागू है। निगरानी की जिम्मेदारी कोल्ड चेन हैंडलर, विकासखंड अधिकारी और जिला टीकाकरण अधिकारी के पास है। किसी दुर्घटना या प्रतिकूल प्रभाव की स्थिति में जांच की जिम्मेदारी AEFI कमेटी के पास होती है, जो रिपोर्ट राज्य स्तर तक भेजती है।

विधानसभा में सक्रिय भूमिका में दिखीं बोहरा
विधायक भावना बोहरा ने जिस तरह से महिलाओं की आवाज बनते हुए सवाल पूछे, साथ ही स्वास्थ्य और सुरक्षा तंत्र की जवाबदेही तय करने का प्रयास किया, वह विधानसभा में उनकी सक्रिय भूमिका को रेखांकित करता है। उनके सवालों पर सरकार के जवाब भी दर्शाते हैं कि ये विषय नीति और अमल दोनों स्तर पर संवेदनशील बने हुए हैं।