राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा के लिए उड़नदस्ता दल गठित
Flying squad formed for State Services Preliminary Examination
जगदलपुर, 17 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 के सफल और पारदर्शी संचालन के लिए बस्तर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह महत्वपूर्ण परीक्षा आगामी 22 फरवरी को दो निर्धारित पालियों में संपन्न होगी। परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 03 बजे से शाम 05 बजे तक आयोजित की जाएगी। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा द्वारा जारी आदेश के अनुसार परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए विशेष उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है, जिन्हें विभिन्न केंद्रों पर निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशासन ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों के लिए अलग-अलग दल नियुक्त किए हैं, जिसमें तहसीलदार स्तर के अधिकारियों को दल प्रभारी बनाया गया है। पहले दल का नेतृत्व तहसीलदार श्रीमती जागेश्वरी पोयाम कर रही हैं, जिनके जिम्मे शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज और झाड़ा सिरहा इंजीनियरिंग कॉलेज जैसे प्रमुख केंद्र हैं। वहीं दूसरे दल की कमान तहसीलदार श्रीमती दीपिका देहारी को सौंपी गई है, जो महारानी लक्ष्मीबाई कन्या शाला और शासकीय दंतेश्वरी महिला महाविद्यालय सहित अन्य केंद्रों की व्यवस्था देखेंगी।






