ट्रांसपोर्टर के घर ईडी की रेड, कस्टम मिलिंग स्कैम से जुड़ी कार्रवाई
ED raids transporter's house; action related to customs milling scam
भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग-भिलाई से बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चार सदस्यीय टीम ने गुरुवार सुबह हुडको क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्टर सुधाकर राव के घर और अन्य ठिकानों पर छापा मारा। टीम अभी भी दस्तावेज खंगाल रही है और पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई कस्टम मिलिंग स्कैम से जुड़ी बताई जा रही है। जानकारी मिली है कि ईडी की टीम सुबह 6 बजे ही भिलाई पहुंच गई थी और प्रदेश के 10 अलग-अलग जिलों में एक साथ रेड की कार्रवाई की गई है। फिलहाल ईडी ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है। टीम ने घर को चारों ओर से घेरकर महत्वपूर्ण दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़े कागजात की छानबीन शुरू की। इस दौरान कई संदिग्ध दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड भी जब्त किए गए हैं।
इससे पहले आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने इस घोटाले के मुख्य आरोपी रिटायर्ड IAS अधिकारी अनिल टुटेजा और रायपुर के होटल कारोबारी अनवर ढेबर को गिरफ्तार किया था। दोनों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर ही ED ने भिलाई में छापा मारा।
जानकारी के अनुसार, पूछताछ में कई अधिकारियों और मिलर्स की मिलीभगत के अहम सुराग मिले हैं, जिनके चलते यह रेड की गई। छत्तीसगढ़ सरकार हर साल किसानों से धान की खरीदी करती है और उसे चावल में बदलने के लिए मिलर्स को देती है। तय शर्तों के मुताबिक, धान की मिलिंग करने पर मिलर्स को भुगतान किया जाता है।
आरोप है कि इस प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा किया गया। कई जगहों पर धान की मिलिंग कागजों पर ही दिखाकर भुगतान उठाया गया। इसके अलावा अधिकारियों और मिलर्स की मिलीभगत से करोड़ों रुपये की अवैध वसूली की गई। जांच एजेंसियों का कहना है कि इस घोटाले का पैमाना 140 करोड़ रुपये से भी ज्यादा है।






