इंदौर में केबल कार 13.7 किमी क्षेत्र से गुजरेगी, पूर्व से पश्चिम को जोड़ने के लिए दो रूटों का चयन
Cable car will pass through 13.7 km area in Indore, two routes selected to connect east to west
इंदौर। इंदौर शहर में यातायात सुगम करने और सार्वजनिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ाने के लिए केबल कार चलाने के लिए सर्वे किया जा रहा है। प्रारंभिक सर्वे में सर्वाधिक जनसंख्या घनत्व वाले क्षेत्रों को कवर कर सात रूट बनाए गए थे। ये रूट 60.12 किमी क्षेत्र में बने थे। केबल कार के फाइनल सर्वे के लिए दो रूटों का चयन किया गया है।
पहला चंदन नगर से शुरू होगा और रेलवे स्टेशन होकर शिवाजी वाटिका तक जाएगा। दूसरा रूट रेलवे स्टेशन से शुरू होकर पाटनीपुरा हाते हुए बापट चौराहे तक जाएगा। ये दोनों रूट शहर के पूर्वी हिस्से को पश्चिम हिस्से से जोड़ने का काम करेंगे। इन दोनों रूट में रेलवे स्टेशन केंद्र बिंदु रहेगा। रूट की आर्थिक रिपोर्ट तैयार होने के बाद इसके निर्माण की योजना तय होगी।
इंदौर में केबल कार के सर्वे का जिम्मा इंदौर विकास प्राधिकरण को दिया गया है। कंसल्टेंट एजेंसी द्वारा सौपी गई प्रारंभिक सर्वे रिपोर्ट में से दो रूट का चयन डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाने के लिए किया गया है। कंसल्टेंट कंपनी सर्वे कर डेढ़ माह में पूरी रिपोर्ट सौंपेगी। इसमें रूट के निर्माण की लागत प्रति किमी के अनुसार निकाली जाएगी, वहीं व्यस्तम मार्ग में लाइन और स्टेशन बनाने के अलावा ट्राली संचालन का सर्वे भी किया जाएगा।
13.07 किमी क्षेत्र होगा कवर
फाइनल सर्वे के लिए जिन दो रूटों का चयन किया है वह शहर के 13.07 किमी क्षेत्र को कवर करेंगे। शहर के पूर्वी हिस्से खालसा चौक निरंजनपुर से शुरू होकर पश्चिम हिस्से चंदन नगर तक केबल कार की कनेक्टिविटी देंगे। इसमें रेलवे स्टेशन और राजवाड़ा के साथ जवाहर मार्ग का सघन क्षेत्र भी कवर हो रहा है। यदि इस रूट पर केवल कार का संचालन किया जाता है, तो लंबे क्षेत्र में यातायात की सुगमता होगी।






