आईटीएमएस की आप पर है नजर... सिग्नल तोड़ा, दो मिनट में कटा चालान

ITMS is keeping an eye on you... if you break the signal, you will get a challan in two minutes

आईटीएमएस की आप पर है नजर... सिग्नल तोड़ा, दो मिनट में कटा चालान

इंदौर। सावधान! चौराहों पर यातायात नियमों का पालन सख्ती के साथ करें। इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) लगे इन चौराहों पर अगर नियमों का उल्लंघन किया तो दो मिनट में मौके पर ही चालान बना दिया जाएगा। हाल में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का असर दिखने लगा है।

रविवार को यातायात पुलिस ने रसोमा चौराहे पर रेड सिग्नल क्रास कर एलआईजी की ओर जा रही कार का एमआर-9 चौराहे पर चालान काटा। यह कार्रवाई महज दो मिनट में पूरी हो गई। शहर के ऐसे 20 चौराहों पर अब इसी तरह तत्काल कार्रवाई होगी।

एक चौराहे पर नियम तोड़ा, तो अगले चौराहे पर बनेगा चालान

कलेक्टर आशीष सिंह ने शुक्रवार को शहर में यातायात नियंत्रण के लिए आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एक चौराहे पर ट्रैफिक नियम तोड़ने पर अगले चौराहे पर ही चालान काटने संबंधित निर्देश दिए थे।

इसका असर दो दिन बाद ही दिखने लगा। कार्रवाई यातायात विभाग पुलिस उपायुक्त अरविंद तिवारी, स्मार्ट सिटी सीईओ दिव्यांक सिंह आदि की मौजूदगी में हुई। यातायात पुलिस से मिली सूचना के अनुसार रविवार दोपहर नए सिस्टम का ट्रायल लेने के लिए अफसर रसोमा चौराहे पहुंचे। यहां विजय नगर से एलआइजी की ओर जा रही कार रसोमा चौराहे पर रेड सिग्नल तोड़ते हुए आगे निकल गई।

यहां कैमरे में कार की करतूत कैद होते ही जानकारी निगरानी टीम तक पहुंची। अगले दो मिनट में कार एमआर-9 चौराहे पर पहुंचती, इससे पहले यहां मौजूद टीम को कार का नंबर, फोटो मिल गया और मौके पर ही 500 रुपये चालान बना दिया।