अम्बिकापुर : जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
Ambikapur: Important decisions taken in the review meeting of Jal Jeevan Mission
अम्बिकापुर। कलेक्टर एवं अध्यक्ष, जिला जल एवं स्वच्छता मिशन, सरगुजा की अध्यक्षता में आज जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सरगुजा, वन मण्डलाधिकारी सरगुजा (प्रतिनिधि), जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अम्बिकापुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सरगुजा, जिला शिक्षा अधिकारी अम्बिकापुर, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन संभाग अम्बिकापुर, उपसंचालक कृषि अम्बिकापुर, सहायक अभियंता छ.ग. राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड अम्बिकापुर, जिला प्रभारी क्रेडा अम्बिकापुर एवं कार्यपालन अभियंता तथा सदस्य सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खण्ड अम्बिकापुर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले के 569 ग्रामों में से 80 ग्रामों में कार्य पूर्ण कर लिये गए हैं, जिनमें से 61 ग्राम “हर घर जल” प्रमाणित हो चुके हैं। जिले में स्वीकृत सोलर पंपों के विरुद्ध 549 सोलर पंप स्थापित किए गए हैं। अब तक 185443 परिवारों में से 52622 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा चुकी है। शेष ग्रामों में कार्य प्रगतिरत हैं तथा जिन ग्रामों में जल स्त्रोत उपलब्ध नहीं हैं, वहां स्त्रोत निर्माण का कार्य किया जा रहा है।
बैठक में प्रधानमंत्री जनमन (PM-JANMAN) योजना के तहत पीवीटीजी (PVTG) चिन्हित बसाहटों में जल स्त्रोत निर्माण हेतु नलकूप खनन कार्य प्रारंभ करने, और जहां नलकूप असफल हो रहे हैं वहाँ वैकल्पिक जल स्त्रोत विकसित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही, क्रेडा द्वारा आबंटित सोलर नलजल योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने एवं हर घर नल से जल की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। पीवीटीजी बसाहटों के 86 ग्रामों में 188 हैण्डपंप स्थापना कार्य हेतु 276.36 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर मार्च 2026 तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में समूह जल प्रदाय योजनाओं के समयवृद्धि प्रकरणों का अनुमोदन किया गया। अनुबंध की शर्तों के अनुसार देवीटिकरा, पोंडीखुर्द-सलका एवं दरिमा-करजी समूह जल प्रदाय योजनाओं में नियमानुसार पेनाल्टी प्रस्तावित कर स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि खैरबार समूह जल प्रदाय योजना को इस अनुमोदन से अपवर्जित किया गया। सभी प्रकरण अधीक्षण अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, अम्बिकापुर मण्डल को भुगतान हेतु प्रेषित करने का निर्णय लिया गया। एकल ग्राम जल प्रदाय योजनाओं के अंतर्गत भी चलित देयकों के भुगतान हेतु समयवृद्धि प्रकरणों को नियमानुसार पेनाल्टी के साथ स्वीकृति प्रदान की गई।






