भोपाल में मनचले से परेशान होकर 14 वर्षीय किशोरी ने दी जान, स्कूल जाने से पहले खाया जहर
A 14-year-old girl in Bhopal committed suicide after being harassed by a molester, consumed poison before going to school
भोपाल : ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के गांव में 14 वर्षीय एक किशोरी मनचले से इतनी परेशान हो गई थी कि उसने जहरीला घोल पीकर जान दे दी। आरोपित को भी नाबालिग बताया जा रहा है। ईंटखेड़ी थाना पुलिस के अनुसार क्षेत्र में रहने वाली किशोरी कक्षा नौ में पढ़ती थी। शुक्रवार सुबह वह रोज की तरह स्कूल जाने के लिए तैयार हो रही थी।
सुबह करीब पौने आठ बजे वह घर के पास बने टायलेट में गई थी। वहां से बाहर निकलते ही पड़ोस में रहने वाले एक लड़के ने बुरी नीयत से उसे पकड़कर अश्लील हरकत की। किसी तरह हाथ छुड़ाकर लड़की रोती हुई घर के अंदर आई और कीटनाशक पी लिया।
नहीं बची जान
हालत बिगड़ने पर माता-पिता उसे लेकर हमीदिया अस्पताल पहुंचे और उपचार के लिए भर्ती कराया। बेहोश होने के पहले किशोरी ने अपने साथ हुई घटना के बारे में अपनी मां को बता दिया था। शनिवार रात 12:15 बजे किशोरी की मौत हो गई। उसके बाद पुलिस ने मां के बयानों के आधार पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे अभिरक्षा में ले लिया है।
बाइक सवार बदमाशों ने झपटा इ-रिक्शा से जा रही छात्रा का मोबाइल
राजधानी में मोबाइल लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। रविवार को बाइक सवार बदमाश इ-रिक्शा में जा रही छात्रा से मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पिपलानी थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की है।
पुलिस के अनुसार 18 वर्षीय अनुष्का जैन अयोध्यानगर में अपने परिवार के साथ रहती है। वह एक निजी कालेज में बीटेक की छात्रा है। रविवार सुबह करीब 11 बजे वह रत्नागिरी तिराहे से प्रभात पेट्रोल पंप की ओर अपनी सहेली से मिलने जा रही थी।
पिपलानी पेट्रोल पंप से कुछ दूर पहले सहकारी परिसर के सामने एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसके हाथ से मोबाइल झपटा और फरार हो गए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर सीसीटीवी के जरिए आरोपितों की तलाश शुरु की है।






