इंदौर में अभी चार दिन सामान्य रहेगा तापमान, 19 दिसंबर के बाद बढ़ेगी ठंड
Temperature will remain normal in Indore for four days, cold will increase after December 19
इंदौर। इंदौर में पिछले दो दिन से ठंड के तेवर थोड़े कम हुए हैं। अलसुबह और रात को ही उत्तरी हवा ठंडक का अहसास करवा रही है। दोपहर में धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
रविवार को अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक कम था। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से दो कम 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के अनुसार राजस्थान पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है।
पाकिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती घेरे के रूप में है। इसके असर से अभी तापमान में इजाफा देखने को मिल रहा है। हालांकि रात का तापमान 10 डिग्री से कम रहने की संभावना है।
दोपहर में धूप निकलने से मिलेगी राहत
पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद 19 दिसंबर से इंदौर में ठंड की तीव्रता बढ़ेगी और तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। फिलहाल तीन से चार दिन तक तापमान सामान्य के आसपास रहेगा। दोपहर में धूप निकलने के कारण ठंड से राहत मिलेगी।
सुबह और रात में तेज ठंड महसूस हो रही
रविवार सुबह उत्तरी हवाओं ने ठंडक का अहसास करवाया। वहीं दोपहर में निकली धूप ने थोड़ी राहत दी। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक सोमवार को तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा। सुबह व रात में ठंड की तीव्रता महसूस होगी।
इधर… प्रदेश के नौ शहरों में पांच डिग्री से नीचे पहुंचा पारा
उत्तर की ओर से लगातार आ रही बर्फीली हवाओं के कारण पूरे प्रदेश में ठिठुरन बढ़ी हुई है। 9 शहरों में तो तापमान पांच डिग्री से नीचे पहुंच गया है। प्रदेश में सबसे कम एक डिग्री सेल्सियस तापमान शहडोल के कल्याणपुर और पचमढ़ी में दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है।
पिछले 10 सालों में ऐसा दूसरी बार हुआ है, जब दिसंबर इतना ठंडा रहा हो। भोपाल में चार डिग्री से कम तापमान 2021 में गया था। रविवार को 17 शहर शीतलहर की चपेट में रहे। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, रविवार को रायसेन, राजगढ़, खंडवा, शाजापुर, उमरिया, मंडला, सिवनी, नौगांव, अनूपपुर, नीमच, शिवपुरी, सिंगरौली, पचमढ़ी में शीत लहर का प्रभाव रहा।






