ये कैसा अंधविश्वास, पिता बनने के लिए निगल गया जिंदा चूजा... सांस नली में फंसने से गई जान

What kind of superstition is this, to become a father he swallowed a live chick... died after it got stuck in the windpipe

ये कैसा अंधविश्वास, पिता बनने के लिए निगल गया जिंदा चूजा... सांस नली में फंसने से गई जान

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम छिंदकालो में युवक ने मुर्गी का जिंदा चूजा निगल लिया। सांस नली और खाने की नली में चूजा फंसने के कारण दम घुटने से युवक की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के दौरान चूजा गले के पास से बाहर निकला। युवक निसंतान था।

संतान की लालसा में जादू टोना में फंसकर युवक द्वारा चूजा निगलने की आशंका जताई जा रही है। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम छिंदकालो निवासी आनंद यादव (35) को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया था। यहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

स्वजन पोस्टमार्टम को तैयार नहीं हो रहे थे

स्वजन पोस्टमार्टम को तैयार नहीं थे। उनका दावा था कि युवक नहाकर आया था। अचानक चक्कर आने से वह गिर गया था। ऊपरी तौर पर चोट के निशान नहीं थे। घरवालों द्वारा मौत की दी जा रही जानकारी संदेहास्पद थी, इस कारण पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया।

पोस्टमार्टम के दौरान शुरू में तो कुछ पता ही नहीं चला लेकिन गले के पास चीरा लगाया गया तो मुर्गे का खड़ा चूजा निकला। यह देखकर चिकित्सक भी अचरज में पड़ गए। चूजा निगलने के दौरान दम घुट जाने से युवक की मौत हुई थी।

डॉक्टर ने कहा- 15 हजार शवों को पीएम किया, पहली बार सामने आया ऐसा केस

पोस्टमार्टम करने वाले डॉ संतू बाघ का कहना है कि उन्होंने अब तक 15 हजार शवों का पीएम किया है, लेकिन पहली बार ऐसा मामला सामने आया है। डॉ. बाघ के अनुसार चूजे की लंबाई करीब 20 सेंटीमीटर की थी। चूजे का एक हिस्सा युवक की श्वास नली और दूसरा हिस्सा खाने की नली में फंसा था।

वह पिता बनना चाहता था

आशंका जताई जा रही है कि दम घुटने से उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। युवक जिंदा चूजा क्यों निगल रहा था इसका कोई ठोस कारण अब तक निकलकर सामने नहीं आया है। गांववालों ने आशंका जताई है कि युवक को कोई संतान नहीं थी। वह पिता बनना चाहता था। इसके लिए वह गांवों में रहने वाले बैगा, देवारों के संपर्क में था।

जादू टोने के चक्कर में निगला

आशंका जताई जा रही है जादू टोने के चक्कर में उसने चूजे को निगला होगा। इस दौरान उसकी मौत हो गई। घरवालों ने मामले को छिपाने का प्रयास किया। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। गांव जाकर घरवालों से पूछताछ में कारण और स्पष्ट हो जाएगा।