पसौद में ट्रांसफार्मर खराब, एक सप्ताह से जल संकट गहराया
Transformer is damaged in Pasoud, water crisis has worsened since last one week
बालोद/गुंडरदेही। ग्राम पसौद के वार्ड क्रमांक 8, 9 और 10 के रहवासी बीते एक सप्ताह से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। इसका कारण है सरकारी बोर के लिए स्थापित ट्रांसफार्मर का खराब हो जाना, जिससे मोटर पंप ठप पड़ा हुआ है। बिजली आपूर्ति बंद होने के चलते नल से जल आपूर्ति पूरी तरह से रुक गई है।
ग्रामीणों मुंशीराम साहू, खोरबाहरा यादव, पन्नालाल साहू, ढाल सिंह गौतम, प्रीतम साहू, नर्सिंग साहू, लखन साहू, रत्तीराम साहू और पंच राकेश साहू ने बताया कि गर्मी के इस मौसम में पीने के पानी की भारी किल्लत हो गई है। लोग मजबूरी में सुबह-सुबह पास में रहने वाले फूलसिंह सेन के घर से पानी भरकर ला रहे हैं।
स्थानीय निवासी बताते हैं कि रात के समय पानी के लिए विशेष परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग को ट्रांसफार्मर खराबी की जानकारी पहले ही दे दी गई थी, लेकिन अब तक कोई सुधार कार्य नहीं हुआ है। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सिकोसा के जेई चंद्रकुमार बघेल ने बताया कि ट्रांसफार्मर की मरम्मत की प्रक्रिया जारी है। यदि मरम्मत संभव नहीं होती, तो नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा ताकि जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति बहाल हो सके।
ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन और बिजली विभाग त्वरित कदम उठाकर इस गंभीर समस्या का समाधान करें, ताकि उन्हें और अधिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।






