आंधी से आमानाका ओवरब्रिज पर लगे तीन खंभे गिरे, राहगीर बाल-बाल बचे
Three pillars on Amanaka Overbridge fell due to storm, passersby had a narrow escape
रायपुर। राजधानी में सोमवार दोपहर आई तेज आंधी के चलते जीई रोड स्थित आमानाका ओवरब्रिज पर लगे तीन बिजली के खंभे धराशायी हो गए। गनीमत रही कि उस समय सड़क से गुजर रहे राहगीर और वाहन चालक सुरक्षित बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खंभे गिरते ही सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। निगम कर्मचारियों ने तत्काल गिरे हुए खंभों को हटाया और यातायात व्यवस्था बहाल की।
पुराने और जर्जर खंभों से बना खतरा
स्थानीय लोगों ने बताया कि ओवरब्रिज पर लगे कई खंभे जंग खा चुके हैं, जो उनकी कमजोर स्थिति को दर्शाते हैं। इस घटना ने आने वाले बारिश के मौसम के लिए प्रशासन के सामने एक नई चुनौती खड़ी कर दी है।
शहरभर में सैकड़ों पुराने और जर्जर स्ट्रीट लाइट के खंभे लगे हुए हैं, जो भविष्य में भी इसी तरह की घटनाओं का कारण बन सकते हैं। नगर निगम आयुक्त ने पहले ही बारिश पूर्व बड़े-बड़े होर्डिंग्स की मजबूती की जांच के निर्देश दिए हैं। अब स्ट्रीट लाइट खंभों की सुरक्षा जांच और मरम्मत भी निगम के एजेंडे में आ गई है।






