एक तरफा हुआ मुकाबला, प्रियंका गांधी एक लाख से ज्यादा वोटों से आगे

The contest was one sided, Priyanka Gandhi was ahead by more than one lakh votes

एक तरफा हुआ मुकाबला, प्रियंका गांधी एक लाख से ज्यादा वोटों से आगे

वायनाड : केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना आज शनिवार सुबह आठ बजे से शुरू हुई। शुरुआती दो घंटे की मतगणना में यहां कांग्रेस नीत यूडीएफ उम्मीदवार प्रियंका गांधी वाड्रा एक लाख से भी ज्यादा मतों से आगे हैं। निर्वाचन आयोग के सुबह करीब 10.20 बजे के आंकड़ों के अनुसार, प्रियंका को 1,65,487 वोट मिले, जबकि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के सत्यन मोकेरी 56,929 वोट के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी नव्या हरिदास 31,018 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। आज सुबह आठ बजे से इस सीट के लिए मतों की गिनती शुरू हुई। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की गई। मतगणना के शुरुआती रुझानों से ही यहां मुकबला एकतरफा नजर आ रहा है।

वायनाड से पहली बार चुनाव लड़ रही प्रियंका

गौरतलब है कि वायनाड लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव 13 नवंबर को हुआ था। इस सीट पर यहां से 16 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। खास बात ये है कि प्रियंका गांधी पहली बार वायनाड लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में हैं। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा ने सत्यन मोकेरी को और भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने नव्या हरिदास को चुनाव मैदान में उतारा है।

इस वजह के खाली हुई वायनाड सीट

वायनाड लोकसभा सीट राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। अप्रैल-मई में हुए लोकसभा चुनावों में राहुल गांधी ने दो सीटों पर चुनाव लड़ा था और दोनों सीटों पर ही जीत हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने रायबरेली सीट को बरकरार रखते हुए वायनाड सीट छोड़ दी थी। इस वजह से खाली हुई इस सीट पर उपचुनाव कराया गया।