कलेक्टर ने किया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और तहसील कार्यालय औंधी का निरीक्षण
The collector inspected the community health center and tehsil office Aundhi
मोहला। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला, धान संग्रहण केंद्र हेतु स्थान चयन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र औंधी, तहसील कार्यालय औंधी और निर्माणाधीन तहसील भवन का निरीक्षण किया। इसके साथ ही औंधी जलाशय का दौरा कर महत्त्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित जानकारी ली। इस दौरान भवन निर्माण, लेबर रूम, एनआरसी, महिला वार्ड, बीपी स्क्रीनिंग रूम, स्टोर रूम, वैक्सीनेशन रूम और नेत्र सहायक कक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र में साफ-सफाई की स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। कलेक्टर ने नियमित सफाई सुनिश्चित करने और अनुपयोगी सामानों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। गर्भवती महिलाओं को शासन से प्राप्त सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूकता बढ़ाने और रक्ताल्पता से ग्रस्त महिलाओं एवं शिशुओं को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। चिकित्सकों ने एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत की जा रही गतिविधियों और प्रगति की जानकारी प्रदान की। कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने और मरीजों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में वि.ख. मानपुर अंतर्गत कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र औंधी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान नए भवन और पुराने जर्जर भवन की स्थिति की समीक्षा की गई। लेबर रूम, महिला वार्ड, स्टोर रूम और वैक्सीनेशन रूम का निरीक्षण कर सुविधाओं का आकलन किया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही मरीजों की संख्या, उपचार और उपलब्ध दवाओं के स्टॉक की जानकारी भी ली गई। निरीक्षण के दौरान नए भवन में हो रही सीपेज की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित निर्माण एजेंसी को तुरंत सुधारात्मक कार्य करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरे करने निर्देशित किया गया।
इसी प्रकार कलेक्टर ने तहसील कार्यालय औंधी का निरीक्षण कर राजस्व सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि आम जनता को राजस्व सुविधाओं का समुचित लाभ सुनिश्चित किया जाए। जन्म-मृत्यु और अन्य राजस्व संबंधी प्रकरणों का निराकरण ग्राम स्तर पर शिविरों के माध्यम से करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने यह भी कहा कि आम जनता की न्यायालय तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से कार्ययोजना तैयार कर उसे क्रियान्वित किया जाए। आबादी एवं स्वामित्व योजना के तहत पट्टा वितरण के मामलों की ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रविष्टि कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। भूमि विवाद संबंधी प्रकरणों को शासन के दिशानिर्देशों के अनुसार समयबद्ध तरीके से सुलझाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही निर्माणाधीन तहसील भवन का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई और इसे तय समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कलेक्टर ने औंधी जलाशय का निरीक्षण कर क्षेत्र की कृषि गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने जलाशय के उपयोग और इसके आसपास के किसानों द्वारा की जा रही खेती का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कृषकों द्वारा लगाई गई मक्का और अन्य फसलों की जानकारी ली। कलेक्टर ने कृषि विकास के लिए जल संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया और किसानों को बेहतर सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एसडीएम मानपुर अमित नाथ योगी, राजस्व निरीक्षक और पटवारी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।






