स्कूलों में 19-20 जनवरी को आयोजित होगा स्वीप मतदाता जागरूकता कार्यक्रम
SVEEP voter awareness programme to be organised in schools on January 19-20
दंतेवाड़ा, 15 जनवरी 2026
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के संदर्भ में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत गणना चरण पूर्ण होने के बाद दावा, आपत्ति प्राप्त करने की अवधि 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक निर्धारित की गई है।
एसआईआर-2026 के तहत 23 दिसंबर 2025 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं हो पाए पात्र मतदाताओं के साथ-साथ 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के नाम जोड़ने हेतु घोषणा पत्र सहित निर्धारित प्रपत्र-6 में अग्रिम आवेदन भी आमंत्रित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विद्यालयों में बच्चों को जागरूक करने हेतु स्वीप मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में रंगोली, वाद-विवाद, निबंध, चित्रकला, नाटक-नुक्कड़ जैसे गतिविधियों के माध्यम से मतदान के महत्व की जानकारी दी जाएगी। जिन छात्र-छात्राओं की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है या 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूर्ण होने वाली है, उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने हेतु बीएलओ एवं अभिहित अधिकारी द्वारा मौके पर ही प्रपत्र-6 भरवाया जाएगा। जिले के प्रत्येक शैक्षणिक संस्थान में 19 एवं 20 जनवरी 2026 को यह कार्यक्रम आयोजित करना अनिवार्य किया गया है। साथ ही संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि कार्यक्रम के आयोजन की जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय को देवें।






