चौथे चरण में रणनीतिक खनिज ब्लॉकों की सफल नीलामी
Successful auction of strategic mineral blocks in the fourth phase
आत्मनिर्भर भारत के लिए खनिज क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि
नई दिल्ली । खान मंत्रालय ने मुख्य और रणनीतिक खनिज ब्लॉकों की नीलामी के चौथे चरण के तहत शुरू की गई 8 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों की नीलामी सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। यह उपलब्धि खनिज सुरक्षा को मजबूत करने और देश के ऊर्जा परिवर्तन, सतत औद्योगिक और आर्थिक विकास के लिए आवश्यक महत्वपूर्ण संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत की गई यह नीलामी प्रथम अनुसूची के भाग-डी में सूचीबद्ध प्रमुख खनिजों के लिए खनिज रियायतें देने के लिए केंद्र सरकार के अधिकार का लाभ उठाती है। यह विधायी अधिकार इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा और नवीकरणीय ऊर्जा सहित क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण खनिजों की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने की भारत की रणनीति में एक महत्वपूर्ण कदम है।
21 खनिज ब्लॉकों के लिए 24 जून, 2024 को निविदा आमंत्रण सूचना (एनआईटी) जारी होने के बाद, नीलामी ने उद्योग के हितधारकों से गहरी रुचि आकर्षित की। तकनीकी बोलियों के मूल्यांकन के बाद, 10 खनिज ब्लॉक ई-नीलामी के दूसरे दौर में आगे बढ़े, जिसमें तीन पहले प्रयास के ब्लॉक और सात दूसरे प्रयास के ब्लॉक शामिल थे। इन ब्लॉकों में फॉस्फोराइट, ग्रेफाइट और वैनेडियम जैसे रणनीतिक खनिजों के भंडार हैं, जो उच्च तकनीक और हरित ऊर्जा के इस्तेगमाल के लिए आवश्यक हैं। 08 ब्लॉकों के लिए नीलामी प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है और शेष 2 ब्लॉकों के लिए प्रक्रिया 2 दिसंबर 2024 तक पूरी हो जाएगी।






