ओडिशा के कंधमाल में बवाल, MLA की गाड़ी में उपद्रवियों ने लगा दी आग, बगल में ही ठहरे थे HC के जज

Riot in Kandhamal, Odisha, rioters set MLA's car on fire, HC judge was staying nearby

ओडिशा के कंधमाल में बवाल, MLA की गाड़ी में उपद्रवियों ने लगा दी आग, बगल में ही ठहरे थे HC के जज

भुवनेश्वर। ओडिशा के कंधमाल के फूलवाणी सर्किट हाउस परिसर में उपद्रवियों ने विधायक उमाचरण मलिक की गाड़ी में आग लगा दी। घटना शुक्रवार देर रात की है। सर्किट हाउस गैरेज में दो अन्य दोपहिया वाहनों को पूरी तरह से जला दिया गया, जबकि विधायक की इनोवा गाड़ी (ओडी-12एफ-7626) आंशिक रूप से जल गई है।

विधायक मलिक शुक्रवार रात फुलवाणी सर्किट हाउस में ठहरे थे। सर्किट हाउस के दूसरे कमरे में हाईकोर्ट के जज भी रुके थे। हालांकि, रात करीब 2 बजे जज की सुरक्षा के प्रभारी होमगार्ड ने देखा कि विधायक की गाड़ी समेत दो बाइक में आग लग गई है।

होमगार्ड ने सर्किट हाउस स्टाफ को बुलाया

होमगार्ड ने सर्किट हाउस स्टाफ को बुलाया। पुलिस और फायर ब्रिगेड को तुरंत सूचना दी गई। बिजली विभाग के कर्मी भी बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया।

आग में विधायक के सुरक्षा गार्ड (पीएसओ) की एक बाइक और सर्किट हाउस स्टाफ की स्कूटी पूरी तरह से जलकर खाक हो गई, जबकि विधायक का वाहन आंशिक रूप से जल गया।पुलिस ने मौके से पेट्रोल से भरी प्लास्टिक की बोतल भी जब्त की है। बौद्ध से एक साइंटिफिक टीम ने पहुंचकर मामले की जांच की। माना जा रहा है कि विधायक के किसी विरोधी ने ऐसी हरकत की होगी।

मौके पर पहुंचे कंधमाल एसपी

कंधमाल एसपी हरीश बीसी ने मौके पर पहुंचकर गहन जांच की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। जांच के बाद सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। दूसरी ओर, मलिक ने आशंका जताई कि किसी राजनीतिक दुश्मन ने इस तरह की हरकत को अंजाम दिया है।