बारिश, बर्फबारी और बिजली गिरने की चेतावनी
Rain, snowfall and lightning warnings
नई दिल्ली । पश्चिम विक्षोभ की वजह से उत्तर भारत में बारिश और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। पाकिस्तान के करीब एक पश्चिम विक्षोभ सक्रिय है। जबकि दूसरा पश्चिमी विक्षोभ ईरान के पास बना हुआ है। वहीं राजस्थान में पाकिस्तान सीमा के करीब एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बना है। इस वजह से पश्चिम हिमालय क्षेत्र में 23 जनवरी तक वर्षा और हिमपात का दौर जारी रहेगा। वहीं 22 और 23 जनवरी को उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना है। 22 और 23 जनवरी को पंजाब, हरियाणा चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश के आसार हैं।
अगले 4 दिन के मौसम का हाल
20 जनवरी को असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में घने कोहरे की संभावना है। उत्तराखंड, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश में भी घना कोहरा पड़ेगा। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
21 जनवरी को असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा छाएगा।
22 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
23 जनवरी को मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है।






