प्रधानमंत्री आवास योजना से बदल रही है कई परिवारों की जिंदगी
Pradhan Mantri Awas Yojana is changing the lives of many families.
महतारी वंदन योजना से भी महिलाओं को मिल रहा संबल
कच्चे मकान और टपकती छत से मिली मुक्ति, वर्षों का सपना हुआ साकार – श्री चैतलाल मरावी
रायपुर, मई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से आवासहीन परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उनका जीवन स्तर बेहतर होने के साथ ही उन्हें सुरक्षित एवं स्थायी आवास मिल रहा है।
इसी कड़ी में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम सरोधी में एक सुखद तस्वीर देखने को मिली, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों का आवास का सपना साकार हुआ है। ग्राम सरोधी निवासी श्री चैतलाल मरावी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना उनके लिए वरदान साबित हुई है। पक्का मकान मिलने से उनका वर्षों पुराना सपना साकार हुआ है और उनके परिवार में खुशी का माहौल है।
उन्होंने बताया कि पहले वे कच्चे मकान में रहते थे, जहां बारिश के दौरान छत टपकती थी और ठंड के दिनों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब पक्का मकान मिलने से उनकी सभी समस्याएं दूर हो गई हैं और उनका जीवन अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक हो गया है।
श्री मरावी ने यह भी बताया कि उन्हें वन अधिकार पट्टा के तहत लगभग 2 एकड़ भूमि प्राप्त हुई है, जिसमें वे धान सहित अन्य फसलों की खेती कर रहे हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है।
वहीं उनकी पत्नी श्रीमती सुखयारिन बाई मरावी महतारी वंदन योजना का लाभ ले रही हैं। उन्होंने बताया कि फरवरी 2024 में उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में आवेदन किया था, जिसके तहत उन्हें प्रतिमाह 1000 रुपये की राशि प्राप्त हो रही है। इस राशि का उपयोग वे घर के दैनिक खर्चों एवं बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में कर रही हैं, जिससे उन्हें आर्थिक संबल मिल रहा है।
श्रीमती मरावी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार जताया और कहा कि यह योजना महिलाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है। इस योजना का लाभ अब दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रहा है, जिससे प्रदेश के अनेक परिवारों का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है।






