सुशासन तिहार 2026 : जिले के सभी जनपदों में आयोजित होने वाले जन समस्या निवारण शिविरों की तिथिवार रूपरेखा जारी
Good Governance Festival 2026: Date wise outline of public problem resolution camps to be organised in all districts of the district released
01 मई से 10 जून तक जिलेभर में लगेंगे शिविर
दंतेवाड़ा, 28 अप्रैल 2026 प्रदेश के मुख्यमंत्री के मंशानुसार राज्य शासन की प्राथमिकताओं में शामिल जन शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण तथा आमजन को सुगम, पारदर्शी और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में “सुशासन तिहार 2026” का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत 01 मई 2026 से 10 जून 2026 तक विभिन्न जनपद पंचायतों में “जन समस्या निवारण शिविर” आयोजित किए जाएंगे।
जारी आदेश के अनुसार प्रत्येक शिविर के सफल संचालन हेतु संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। ये शिविर क्लस्टरवार आयोजित होंगे, जिनमें संबंधित ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा।
इसके अनुसार जनपद पंचायत दंतेवाड़ा अंतर्गत 01 मई को केशापुर, 13 मई को धुरली, 18 मई को मटेनार तथा 28 मई को पोन्दूम-1 में शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आसपास के दर्जनों ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। इसी प्रकार जनपद पंचायत गीदम में 04 मई को तुमरीगुण्डा, 12 मई को बड़ेतुमनार, 20 मई को बड़ेपनेड़ा-1, 26 मई को हितामेटा तथा 02 जून को समलूर में शिविर लगेंगे।
वहीं जनपद पंचायत कुआकोंडा में 07 मई को हल्बारास, 15 मई को कड़मपाल, 21 मई को कुटरेम तथा 29 मई को जबेली में शिविर आयोजित किए जाएंगे। जनपद पंचायत कटेकल्याण अंतर्गत 06 मई को भूसारास, 14 मई को मोखपाल, 22 मई को कटेकल्याण तथा 03 जून को सूरनार में शिविर लगाए जाएंगे।
इस संबंध में कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे शिविरों में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों तक पहुंचाई जाएगी, जिससे अधिक से अधिक लोग योजनाओं का लाभ उठा सकें। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले शिविरों में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों का निराकरण कराएं और शासन की योजनाओं का लाभ लें।






