जिले में प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से हो रही धान खरीदी

Paddy is being purchased in the district at the rate of 21 quintals per acre

जिले में प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से हो रही धान खरीदी

कोण्डागांव। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले के किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से ही धान खरीदी की जा रही है। जिले के सभी धान उपार्जन केन्द्रों में किसानों को धान खरीदी के दौरान सभी मूलभूत एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। शासन द्वारा मोबाइल एप के माध्यम से किसानों के लिए ऑनलाईन टोकन की व्यवस्था की गई है, जिससे किसानों को टोकन कटाने में बहुत सहुलियत हो रही है। साथ ही माइक्रो एटीएम के माध्यम से खरीदी केन्द्र में ही धान बेचने के बाद किसानों को भुगतान की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। जिले के धान खरीदी केन्द्रों में भी मिल रही सुविधाओं को लेकर किसान संतुष्ट नजर आ रहे हैं। साथ ही किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदी को लेकर भी प्रसन्नता व्यक्त कर रहे हैं। इस बार धान खरीदी में इलेक्ट्रानिक तौल यंत्र का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सभी किसान इस व्यवस्था से खुशी जाहिर कर रहे हैं।

जिले के धान खरीदी केन्द्र बम्हनी में धान बेचने पहुंचे संबलपुर गांव के किसान सुखधर पोयाम ने बताया कि वे अपने 129 क्विंटल धान बेचने के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि टोकन कटाने से लेकर धान बेचने के दौरान खरीदी केन्द्र में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं हुई और खरीदी केन्द्र में व्यवस्था भी अच्छी है। उन्होंने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार उनका धान प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से खरीदा जा रहा है, जिससे वे संतुष्ट हैं। इसी प्रकार ईशलनार गांव से धान बेचने पहुंचे किसान कचरू कोर्राम ने खरीदी केन्द्र में मिल रही सुविधाओं से संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि वे भी अपने 100 क्विंटल धान को बेचने पहुंचे हैं और उनका भी धान 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से उनके धान को खरीदी जा रही हैं। इसके लिए कचरू और सुखधर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद किया।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रदेश के पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से ही धान खरीदी की जा रही है। मुख्यमंत्री द्वारा किसानों से अपील की गई है कि इसको लेकर किसी भी प्रकार से भ्रमित न हों। उन्होंने कहा है कि इस संबंध में भ्रम फैलाने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।