नवम ध्वजारोहण महोत्सव: सीमंधर स्वामी जैन मंदिर व दादाबाड़ी में लहराई अमर ध्वजा

Ninth Flag Hoisting Festival: Amar Dhwaja hoisted at Simandhar Swami Jain Temple and Dadabari

नवम ध्वजारोहण महोत्सव: सीमंधर स्वामी जैन मंदिर व दादाबाड़ी में लहराई अमर ध्वजा

रायपुर। शिखरबद्ध सीमंधर स्वामी जैन मंदिर एवं चमत्कारी दादाबाड़ी में नवम ध्वजारोहण महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। भैरव सोसाइटी एवं आसपास के जैन समुदाय के श्रावक-श्राविकाओं और भक्तों का सुबह से ही मंदिर परिसर में निरंतर आगमन होता रहा, जिससे पूरा वातावरण धार्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।

मंदिर परिसर, सभा मंडप और गर्भगृह को सुगंधित फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। निर्धारित मुहूर्त प्रातः 9 बजे प्रतिष्ठाचार्य आचार्य जिनमणिप्रभ सूरीश्वर के आशीर्वाद एवं जैन साध्वी स्नेहयशा श्रीजी की सुशिष्या सिद्धांतनिधि श्रीजी के पावन सानिध्य में ध्वजारोहण अनुष्ठान प्रारंभ हुआ।

सुप्रसिद्ध विधिकारक विमल गोलछा ने सत्तर भेदी पूजा की शुरुआत ‘ॐ पुण्याह्म पुण्याह्म’ के मंगल उच्चारण के साथ की। पूजा में क्षेत्रपाल देवता का आवाहन कर नारियल, पान, फल एवं नैवेद्य अर्पित किया गया। इसके बाद 17 विधानों के तहत ध्वजा पूजन संपन्न हुआ, जिसमें मंत्रोच्चारण के साथ अक्षत, स्वास्तिक, नारियल, पुष्प एवं मिठाई अर्पित की गई।

ध्वजारोहण के अवसर पर विभिन्न लाभार्थी परिवारों ने अष्टप्रकारी पूजा कर सहभागिता निभाई। सीमंधर स्वामी की ध्वजा के लाभार्थी संतोष-सरला बैद परिवार ने 51 फीट ऊंचे शिखर पर ध्वजा फहराई। इस दौरान “ॐ पुण्याह्म” की मंगल ध्वनि से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।

कार्यक्रम में अपेक्स बैंक के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता सहित कई अतिथियों ने शिखर एवं कलश की पूजा कर पुण्य लाभ अर्जित किया। आयोजन में अखिल भारतीय खरतरगच्छ प्रतिनिधि महासभा के अध्यक्ष प्रकाश सुराना, कुंथुनाथ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष चन्द्रेश शाह , राजेश सिंघी , मनोज कोठारी , नीलेश गोलछा , टीकम जैन, निकेश बरड़िया, जय सांखला, राजेश गोलछा , तरुण कोचर , डॉ योगेश बंगानी , पार्षद अंजली जितेन्द्र गोलछा , सरला बैद , ममता नाहर , मयूरी गोलछा ,  दीप्ती बैद , पदम गोलछा , मनोज झाबक ,संजय धाड़ीवाल , संतोष झाबक आदि उपस्थित थे।

धार्मिक उल्लास और सामूहिक श्रद्धा के इस आयोजन ने जैन समाज में एकता, आस्था और परंपरा के प्रति समर्पण का संदेश दिया।