विकसित भारत की संकल्पना को मूर्त रूप देगा सांसद खेल महोत्सव : रोहित साहू
MP Sports Festival will give concrete shape to the concept of developed India: Rohit Sahu
अनुशासन, एकता टीमवर्क सिखाता है खेल
गरियांबद। जिले के छुरा विकासखंड अंतर्गत आज संकुल स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाण्डुका के खेल मैदान संकुल स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया । जिसमें 14 वर्ष से 24 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के महत्वाकांक्षी योजना अंतर्गत चरणबद्ध रूप से यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इस दौरान राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू ने कहा कि खेल महोत्सव से विकसित भारत की संकल्पना को मूर्त रूप मिलेगा। शासन द्वारा ग्रामीण बाल प्रतिभाओं को मंच दिलाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। यह उत्सव खेल के प्रति रुचि विकसित करेगा और बच्चों में उत्साह का संचार करेगा। उन्होंने खेल को जीवन का महत्वपूर्ण अंग बताया। इस दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पांडुका में सायकल स्टैण्ड, प्रार्थना सभा हेतु 10 लाख, खेल मैदान में लाइटिंग हेतु 2 लाख एवं अतिरिक्त कक्ष निर्माण की घोषणा की।
कलेक्टर बीएस सिंह उइके ने कहा कि हार, जीत खेल का हिस्सा है। खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलना चाहिए। खेल हमारे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। ये हमें अनुशासन, टीम वर्क और दृढ़ता जैसे गुण सिखाते हैं, जो जीवन की चुनौतियों का सामना करने में मदद करते हैं। खेल तनाव कम करते हैं और हमें फिट और सक्रिय रखते हैं, जिससे हमारा समग्र जीवन बेहतर होता है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता तीन आयु वर्ग 14 से 17 वर्ष, 18 से 20 वर्ष एवं 21 से 24 वर्ष में संपन्न होगा। इस दौरान कलेक्टर श्री उइके ने विजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत छुरा की अध्यक्ष श्रीमती मीरा ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शिवांगी चतुर्वेदी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कुलेश्वर सोनवानी, जनपद सदस्य कंचन देवांगन, दुलारी साहू, सरपंच सुश्री भानू ध्रुव सहित अन्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया। विधायक रोहित साहू और अतिथियों ने सरस्वती सायकल योजना के तहत विद्यार्थियों को सायकिल वितरण किया। इसी तरह नगर पालिका गरियाबंद, नगर पंचायत फिंगेश्वर, देवभोग, विकासखंड मैनुपर में संकुल स्तरीय खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। संकुल स्तरीय खेल महोत्सव में विकासखंड शिक्षा अधिकारी के.एल. मतावले, नोडल अधिकारी आर.के. ध्रुव, प्राचार्य वाय.आर. साहू सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।






