आईएफएफआई 2024 : भव्य प्रीमियर और रेड-कार्पेट लाइन-अप दर्शकों का करेंगे भरपूर मनोरंजन

IFFI 2024: Grand premieres and red-carpet line-up will keep audiences thoroughly entertained

आईएफएफआई 2024 : भव्य प्रीमियर और रेड-कार्पेट लाइन-अप दर्शकों का करेंगे भरपूर मनोरंजन

दिल्ली। 55वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) बहुप्रतीक्षित गाला प्रीमियर और रेड कार्पेट आयोजनों के साथ दर्शकों को लुभाने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह महोत्सव सिनेमाई कलात्मकता, वैश्विक सिने प्रतिभा को सामने लाने और असाधारण कथा को चित्रपट के माध्यम से कहने का शानदार आयोजन है। इस भव्य तीसरे संस्करण के साथ, आईएफएफआई 2024 दर्शकों को एक अविस्मरणीय अनुभव के लिए मंच प्रदान करेगा और सिनेमा प्रेमियों को अपने साथ जोड़ेगा।

वैश्विक और क्षेत्रीय सिनेमा का भव्य प्रदर्शन

इस वर्ष के गाला प्रीमियर लाइन-अप में दर्शकों के लिए कई आकर्षण होंगे, जिसमें चुनी हुई फिल्में, वेब सीरीज़ और वृत्तचित्र दिखाए जाएंगे। 2024 के गाला प्रीमियर में विभिन्न शैलियों, भाषाओं और संस्कृतियों की फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। इन फिल्मों में नौ विश्व प्रीमियर, चार एशिया प्रीमियर, एक भारत प्रीमियर और एक विशेष शोकेस होगा। रोमांचक क्राइम थ्रिलर से लेकर दिल छू लेने वाले पारिवारिक ड्रामा और विचारोत्तेजक सामाजिक कथ्यों पर आधारित  इस साल का फिल्म लाइनअप हर सिनेमा प्रेमी को लुभाएगा। हिंदी, अंग्रेजी, मराठी, मलयालम और तेलुगु सहित कई भाषाओं की विशेष फिल्मों का प्रदर्शन आईएफएफआई 2024 को वैश्विक और क्षेत्रीय सिनेमा के समावेशी उत्सव के तौर पर स्थापित करेगा। समारोह की उल्लेखनीय फिल्मों में द पियानो लेसन, जीरो से रिस्टार्ट, साली मोहब्बत, स्नोफ्लावर, पुणे हाईवे, हज़ार वेला शोले पहिला मानुष, द मेहता बॉयज़, जब खुली किताब, हिसाब बराबर, मिसेज, फार्मा, विकटकवि, हेडहंटिंग टू बीटबॉक्सिंग, मोआना 2 और द राणा दग्गुबाती शो शामिल हैं। ये फिल्में उत्कृष्टता की सीमाओं से परे पहुंचाने वाली, कहानी सुनाने के नए प्रारूप प्रदर्शित करने वाली और विशद अनुभवों की समृद्ध चित्रयवनिका के प्रति आश्वस्त कराती हैं तथा सिनेमा की एकजुटता और प्रेरक शक्ति को दर्शाती है।

सितारों और ग्लैमर से भरपूर रेड कार्पेट

आईएफएफआई 2024 का रेड कार्पेट इवेंट्स सितारों की चमक से लोगों को चकाचौंध कर देगा जहां फिल्म जगत के जाने-माने फिल्म निर्माता, अभिनेता-अभिनेत्री और फिल्मी दिग्गज अपनी मौजूदगी की छठा बिखेरेंगे। इस महोत्सव में सिनेमा के दिग्गजों और उभरते सितारों से भरी कई शाम चमक-दमक और ग्लैमर से भरे अविस्मरणीय पल होंगे। राणा दग्गुबाती, विधु विनोद चोपड़ा, सान्या मल्होत्रा, विक्रांत मैसी, आर माधवन, एआर रहमान और सौरभ शुक्ला जैसी जानी-मानी फिल्मी हस्तियां रेड कार्पेट पर चलेंगी और सिनेमा के जादू बिखेरेंगी। इस जश्न में फिल्म उद्योग के लोगों और मीडिया का जमावड़ा रहेगा। रेड कार्पेट सेगमेंट आईएफएफआई का सबसे बहु-प्रतीक्षित आयोजनों में से एक है, जो फिल्म प्रशंसकों को पसंदीदा सितारों और फिल्म निर्माताओं के करीब आने का अनूठा अवसर प्रदान करता है। तड़क-भड़क के हाई फैशन के साथ ही यह प्रतिभा, रचनात्मकता और सिनेमा के सांस्कृतिक महत्व को उजागर करने का भी मौका होता है।

उत्कृष्टता और ग्लैमर की विरासत

पिछले कुछ वर्षों में, गाला प्रीमियर आईएफएफआई की विरासत की पहचान बन गए हैं। उत्कृष्ट सिनेमा के प्रदर्शन के साथ ही ये फिल्म की कलात्मकता और प्रतिभा का संयोजन प्रस्तुत करता है। यही विशिष्टता फिल्मी दुनिया को परिभाषित करती है। आईएफएफआई के पिछले संस्करणों के गाला प्रीमियर सेगमेंट से यह वैश्विक फिल्म समारोह और ऊंचे पायदान पर पहुंच गया है। पिछले गाला प्रीमियर में दृश्यम 2, भेड़िया, कड़क सिंह, गांधी टॉक्स और अंतर्राष्ट्रीय सीरीज़ फौदा (सीजन 4) जैसी समीक्षकों द्वारा प्रशंसित फिल्में शामिल की गईं। रेड कार्पेट पर सलमान खान, अजय देवगन, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, वरुण धवन, विजय सेतुपति, अदिति राव हैदरी और कई अन्य प्रसिद्ध अभिनेताओं ने अपनी चमक बिखेरी।

फिल्म महोत्सव का अविस्मरणीय अनुभव

विश्व स्तरीय फिल्में, सितारों से सजे रेड कार्पेट और सिनेमा के जादू से दर्शकों के जुड़ने के अनूठे मौके के साथ, 55वां आईएफएफआई सिनेमा प्रेमियों को फिल्म कथ्य शिल्प, ग्लैमर और सांस्कृतिक आयोजन से मुग्ध कर देने वाली यात्रा का आनंद लेने के लिए आमंत्रित करता है। यह अपनी तरह का अनूठा फिल्म महोत्सव है जिसकी तुलना नहीं हो सकती। आईएफएफआई 2024 का मकसद वैश्विक और क्षेत्रीय प्रतिभाओं के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन वाली अद्वितीय फिल्मों को दर्शकों तक लाना है।