बलरामपुर में फॉरेंसिक मोबाइल वाहन की शुरुआत, घटनास्थल पर होगी त्वरित वैज्ञानिक जांच
Forensic mobile vehicle launched in Balrampur, rapid scientific investigation to be conducted at the crime scene
रायपुर , 23 मई 2026


बलरामपुर जिले में अपराध जांच व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में सीन ऑफ क्राइम फॉरेंसिक मोबाइल वाहन का शुभारंभ किया गया। पुलिस लाइन बलरामपुर में आयोजित कार्यक्रम में सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज वर्चुअल रूप से शामिल हुए। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बेंकर एवं वनमंडलाधिकारी श्री आलोक कुमार बाजपेयी ने वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह अत्याधुनिक फॉरेंसिक वाहन भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन गृह (पुलिस) विभाग द्वारा उपलब्ध कराया गया है। वाहन में फिंगरप्रिंट डेवलपमेंट, डिजिटल डेटा अधिग्रहण, नारकोटिक्स परीक्षण, प्राथमिक वैज्ञानिक जांच तथा साक्ष्य संरक्षण से जुड़ी आधुनिक फॉरेंसिक किट उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से घटनास्थल पर ही त्वरित जांच और साक्ष्य संकलन किया जा सकेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने कहा कि यह पहल जिले में अपराध जांच को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने में मददगार साबित होगी। कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने इसे जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अब जांच प्रक्रिया और मजबूत होगी।
पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बेंकर ने बताया कि पहले कई मामलों में फॉरेंसिक टीम को सरगुजा से बुलाना पड़ता था, जिससे समय लगता था और साक्ष्य प्रभावित होने की आशंका रहती थी। अब मोबाइल फॉरेंसिक लैब के माध्यम से घटनास्थल पर ही जांच और साक्ष्य संकलन तेजी से किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि वाहन में 14 आधुनिक फॉरेंसिक किट उपलब्ध हैं तथा संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को इसके संचालन का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।






