जलभराव से मुक्त होगी दिल्ली: 60 दिन में तैमूर नगर नाले की बदलेगी सूरत

Delhi will be free from waterlogging: Taimur Nagar drain will change its appearance in 60 days

जलभराव से मुक्त होगी दिल्ली: 60 दिन में तैमूर नगर नाले की बदलेगी सूरत

नई दिल्ली। राजधानी में यमुना को साफ करने की दिशा में दिल्ली सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सरकार ने तैमूर नगर नाले को चौड़ा और गहरा करने की परियोजना शुरू कर दी है।
ये नाला मुंबई-बड़ौदा हाईवे से यमुना नदी तक जाता है। इसके रखरखाव से पानी का प्रवाह बेहतर होगा। न केवल आसपास के इलाके जलभराव से मुक्त होंगे, बल्कि यमुना की स्वच्छता में मदद मिलेगी।
दिल्ली सरकार के सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग ने तैमूर नगर नाले के कायाकल्प के लिए ई-टेंडर जारी किया है। विभाग के कार्यकारी अभियंता ने बताया कि यह काम मुंबई-बड़ौदा हाईवे से यमुना तक नाले को चौड़ा और गहरा करने का है। इसकी अनुमानित लागत 66.29 लाख है और 60 दिन में पूरा करना लक्ष्य है।

कई इलाकों से होकर गुजरता है नाला
तैमूर नगर नाला पूर्वी महारानी बाग एवेन्यू रोड से शुरू होकर खिजराबाद मेन रोड तक जाता है। यह नाला तैमूर नगर, श्रीनिवासपुरी, गढ़ी, कालिंदी, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी और फ्रेंड्स कॉलोनी जैसे इलाकों से गुजरता है। लंबाई 800 मीटर है।

विभाग ने कहा कि ये परियोजना यमुना की सफाई और बाढ़ नियंत्रण के लिहाज से महत्वपूर्ण है। टेंडर प्रक्रिया में चुने गए ठेकेदार 5% परफॉर्मेंस गारंटी जमा करने के बाद काम शुरू करेंगे, जो काम पूरा होने और रखरखाव अवधि के बाद इन्हें वापस कर दिया जाएगा।