ठिठुर रही दिल्ली, सुबह-शाम धुंध

Delhi is shivering, fog in the morning and evening

ठिठुर रही दिल्ली, सुबह-शाम धुंध

राजधानी में पहाड़ों से आने वाली हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। लोगों को सुबह-शाम के साथ दिन में भी ठंड महसूस होने लगी है। यही नहीं, गिरते तापमान को देखते हुए लोगों ने रात के समय ठंड से बचने के लिए अलाव व रूम हीटर का सहारा लेना शुरू कर दिया है। रविवार को अच्छी ठंड रही। हालांकि, शीत लहर से लोगों को राहत मिली। ऐसे में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम के साथ 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री के करीब रिकॉर्ड हुआ। अगले पांच दिन तक ठंड कंपकंपाएगी।

रविवार को सुबह-शाम धुंध रही। हालांकि, धूप खिलने के बाद मौसम में बदलाव आया। ऐसे में लोगों ने धूप का आनंद लिया। वहीं, पार्क में बच्चों से लेकर युवा खेलते दिखे। शाम होते-होते लोगों को अच्छी-खासी ठंड का अहसास हुआ। वहीं, अधिकतम तापमान भी सामान्य रहा, जोकि 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहने का अनुमान है। कमोबेश यही स्थिति कई दिन तक रहेगी। ऐसे में ठंड लोगों को कंपकपाएगी।