स्वास्थ्य सेवाओं को गुणवत्तापूर्ण और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर ने जिला अस्पताल किया अवलोकन
Collector visited the district hospital with the aim of making health services more qualitative and robust.
दंतेवाड़ा, 13 फरवरी 2026
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने जिला अस्पताल दंतेवाड़ा का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, विभिन्न वार्डों एवं उपचार कक्षों की व्यवस्थाएं, ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, प्रसव कक्ष, एसएनसीयू, लैब कक्ष, औषधि भंडारण कक्ष सहित अन्य विभागीय कक्षों का अवलोकन किया। साथ ही मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता एवं स्टाफ की उपस्थिति की जानकारी ली।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि रोगी के दृष्टिकोण से स्व-मूल्यांकन कर व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी की पहचान की जाए तथा चिन्हित कमियों के निराकरण हेतु समय-सीमा निर्धारित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने वार्डवार एवं कक्षवार निरीक्षण कर सुधार की आवश्यकता वाले बिंदुओं को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कुछ कक्षों एवं सुविधाओं में मरम्मत की आवश्यकता पाई गई, जिस पर शीघ्र मरम्मत कार्य पूर्ण कराने के लिए उन्होंने कहा। एसएनसीयू (विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई) एवं एलएंडआर (प्रसव कक्ष) में समय से पूर्व जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं के मामलों का उनके उत्पत्ति स्थान के आधार पर पृथक-पृथक संधारण सुनिश्चित करने को एक महत्वपूर्ण प्रबंधन प्रक्रिया के रूप में लागू करने के निर्देश भी उनके द्वारा दिए गए।
इस निरीक्षण के दौरान उन्होने फिजियोथेरेपी आउटरीच कैंप की योजना बनाकर शीघ्र प्रारंभ करने तथा इसे पूर्ण क्षमता के साथ संचालित करने, साथ ही ब्लॉकवार फिजियोथेरेपी चिकित्सकों द्वारा क्षेत्रीय कार्य का नियमित मूल्यांकन कर कमियों की पहचान करते हुए सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर कलेक्टर ने मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर उपचार की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक लेते हुए बारसूर निवासी अजन्ती नाग की पुत्री चैतन्या नाग के उपचार की स्थिति की जानकारी भी ली। अंत में कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, आवश्यक मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान डीपीएम श्री प्रतीक सोनी, डॉ. प्रियंका सक्सेना, अस्पताल सलाहकार चंद्रशिलापुरम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं अस्पताल प्रबंधन के कर्मचारी उपस्थित रहे।






