स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने कलेक्टर ने किया सीएचसी, एमसीएच व ड्रग वेयरहाउस का निरीक्षण
Collector inspected CHC, MCH and Drug Warehouse to improve health facilities.
दंतेवाड़ा, 12 फरवरी 2026
कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव द्वारा आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र तथा छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (ड्रग वेयर हाउस, गीदम) का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, व्यवस्थाओं, साफ-सफाई एवं उपलब्ध संसाधनों की स्थिति का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सर्वप्रथम कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फिजियोथेरेपी कक्ष, नेत्र परीक्षण कक्ष, डॉट्स प्रयोगशाला, स्टोर रूम, चिकित्सक कक्ष, दंत चिकित्सा कक्ष, लैब टेस्ट कक्ष, ईसीटीसी, सैंपल संग्रह कक्ष, ड्रेसिंग रूम सहित विभिन्न विभागों का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था, वार्डों की स्वच्छता, शौचालयों की स्थिति, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, दवाइयों एवं चिकित्सीय उपकरणों की उपलब्धता तथा अभिलेख संधारण की स्थिति की गहन समीक्षा की।
कलेक्टर ने मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शासकीय कर्मचारियों के लिए पहचान पत्र (आईडी कार्ड) की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को संबंधित कर्मियों की पहचान में आसानी हो। साथ ही अस्पताल की समस्त कागजी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्टोर रूम में उपलब्ध दवाइयों के स्टॉक की जानकारी ली तथा दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को प्रत्येक 10 दिवस में स्वास्थ्य संस्थानों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। लैब टेक्नीशियन को मरीजों की जांच पूरी गंभीरता एवं सावधानी से करने की समझाइश दी गई। इसके साथ ही सीएमएचओ को कर्मचारियों की छुट्टियों की नियमित मॉनिटरिंग करने एवं नर्सिंग स्टेशन में ड्यूटी रोस्टर की जानकारी लेकर व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने सीएमएचओ को संबंधित एसडीएम के साथ जीडीएस की बैठक आयोजित कर स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक छोटे-छोटे मरम्मत कार्य शीघ्रता से कराने के निर्देश दिए, ताकि भवन एवं आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके। साथ ही ईसीटीसी कक्ष के प्रभारी तकनीशियन की लापरवाही पर कलेक्टर ने उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जनरल वार्ड का भी अवलोकन किया तथा भर्ती मरीजों से संवाद कर उनके उपचार एवं सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने एक मरीज से बातचीत कर उसकी स्थिति पूछी। मरीज ने बताया कि वह कटुलनार से उपचार हेतु आया है। कलेक्टर ने मरीजों को बेहतर इलाज एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य अमले से केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं एवं सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली। कलेक्टर ने सोनोग्राफी कक्ष, मातृ एवं शिशु वार्ड, प्रसव कक्ष सहित अन्य आवश्यक कक्षों का अवलोकन किया और साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने वार्ड में भर्ती कासोली निवासी महेश नेताम की पुत्री सुनीता नेताम के उपचार एवं देखरेख की जानकारी चिकित्सकों से ली तथा परिजनों से चर्चा कर उपचार की गुणवत्ता और सुविधाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों द्वारा बताई गई छोटी-छोटी आवश्यकताओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके अलावा उन्होंने ने ड्रग वेयर हाउस, गीदम का भी निरीक्षण कर दवाओं के भंडारण, आपूर्ति व्यवस्था एवं वितरण प्रणाली की समीक्षा की और व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान सीएमएचओ डॉ. अजय रामटेके, डीपीएम श्री प्रतीक सोनी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






