कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक

Collector held weekly time limit meeting

कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक

जिले में संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की हुई विस्तृत समीक्षा
धान खरीदी प्रक्रिया में लापरवाही पर सम्बन्धितों पर होगी कार्रवाई, अंतिम दिनों में विशेष सतर्कता बरतने की जरुरत- कलेक्टर श्री अजीत वसंत
26 जनवरी गणतंत्र दिवस का आयोजन होगा पीजी कॉलेज ग्राउंड में, समय में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने अधिकारियों को दिए निर्देश

अंबिकापुर 12 जनवरी 2026

कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने सोमवार को साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक, श्री राम सिंह ठाकुर, श्री अमृत लाल ध्रुव, नगर निगम आयुक्त श्री डी.एन. कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
    उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनहित के कार्यों में गति लाएं, पारदर्शिता बनाए रखें और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने सभी विभागों को ई-अटेंडेंस के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए और इसका अनिवार्य रूप से पालन करने कहा। उन्होंने जिले में जन्म प्रमाणपत्र एवं जाति प्रमाणपत्र निर्माण में प्रगति की समीक्षा की। जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि ऐसे स्कूली बच्चों जिनका जाति प्रमाण पत्र नहीं बना है, उनकी सूची सम्बंधित क्षेत्र के एसडीएम को उपलब्ध कराएं, ताकि आगे की कार्यवाही की जा सके। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम एवं विभागवार लंबित प्रकरणों का तय समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि डीएमएफ मद से स्वीकृत अपूर्ण कार्य समय पर पूर्ण हों तथा कार्य पूर्ण होने के उपरांत समय पर टीएस जारी किया जाए। ऐसे ग्राम पंचायत जहां पुराने कार्य लंबित हैं, वहां कोई भी नया काम स्वीकृत नहीं किया जाएगा। कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि पीवीटीजी युवाओं को अनिवार्य अहर्ताओं के आधार पर योग्यतानुसार विभिन्न विभागों में रोजगार उपलब्ध कराया जाए, ध्यान रखें कि कार्यस्थल उनके निवास से अधिक दूरी पर ना हो। वहीं उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से पोषण पुनर्वास केंद्रों में बच्चों के उपस्थिति के सम्बन्ध में जानकारी ली। इस दौरान पीएम जनमन योजनांतर्गत मल्टी पर्पज सेंटर, सड़क, पीएम आवास, आंगनबाड़ी केंद्र, मोबाईल कनेक्टिविटी, विद्युतीकरण सहित अन्य कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

धान खरीदी की हुई समीक्षा-
कलेक्टर ने धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में धान खरीदी प्रक्रिया सुव्यवस्थित पारदर्शी और सुचारू रूप से संचालित हो। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि धान तौलाई निर्धारित मानक के अनुसार हो, किसानों को टोकन काटने एवं एग्रीस्टेक पंजीयन में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने डीओ, उठाव की जानकारी लेते हुए भौतिक सत्यापन में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन के सख्त निर्देश हैं कि पात्र किसानों का ही धान खरीदा जाए। नोडल अधिकारी आवश्यक सतर्कता बरतें, उपार्जन केंद्रों का सतत निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के अंतिम दिनों में विशेष सतर्कता बरतने की जरुरत है। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित समिति प्रबंधक के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। 

एसआईआर दावा-आपत्ति प्रकरणों का निराकरण  समय-सीमा में करने दिए गए निर्देश-
कलेक्टर श्री वसंत ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम अंतर्गत जारी मतदाता सूची अद्यतन करने की प्रक्रिया के सम्बन्ध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित समस्त दावा-आपत्ति प्रकरणों का तेजी से निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा पात्र मतदाताओं के नाम किसी भी स्थिति में न कटें, पीवीटीजी मतदाताओं पर विशेष फोकस करने निर्देशित  किया। कलेक्टर ने एआरओ और ईआरओ को निर्देश दिए कि गणना एवं घोषणा पत्रों के साथ शत प्रतिशत डिजिटाइजेशन का शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करें। 

प्रत्येक विकासखण्ड में बनेगा एस्ट्रोनॉमी लैब, हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें उपलब्ध कराने कलेक्टर ने दिए निर्देश-

कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि प्रत्येक विकासखण्ड में एक-एक एस्ट्रोनॉमी लैब तैयार किया जाएगा, जिससे जिले के विद्यार्थियों को खगोल विज्ञान को समझने में सहायता मिलेगी। उन्होंने इस हेतु जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि विकासखण्डों में ऐसे एक-एक विद्यालय का चयन करें तथा लैब हेतु आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करें। वहीं उन्होंने कहा कि जिले के समस्त शासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में लाइब्रेरी संचालित किया जाए, जहां 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न विषयों, नीट, जेईई, सिविल सर्विसेस सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं से सम्बंधित पुस्तकें रखी जाएंगी। जिससे बच्चों को इन सभी की जानकारी स्कूल में ही हो जाए, यह उनके भविष्य के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने इस हेतु जल्द कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। 

26 जनवरी गणतंत्र दिवस का आयोजन होगा पीजी कॉलेज ग्राउंड में, समय सीमा में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने अधिकारियों को दिए निर्देश-
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 की तैयारी की समीक्षा करते हुए कहा कि पीजी कॉलेज ग्राउंड में मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने समय पर सभी तैयारी पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी झांकी प्रदर्शनी हेतु अच्छी तैयारी कर लें। गणतंत्र दिवस  के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करने हेतु जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराने निर्देशित किया गया।