पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत शिविर आयोजित
Camp organized under PM Suryaghar Free Electricity Scheme
बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को कनेक्शन प्रदान करने दी गई जानकारी
गरियाबंद। विद्युत विभाग अंतर्गत गरियाबंद संभागीय कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारियों को पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत कनेक्शन संबंधी जानकारी प्रदान करने उपसंभाग गरियाबंद के तत्वाधान में आज पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें गरियाबंद (शहर), गरियाबंद (ग्रामीण), पाण्डुका वितरण केन्द्रों, तथा परियोजना संभाग गरियाबंद एवं संभागीय कार्यालय गरियाबंद के अधिकारी, कार्यालयीन एवं तकनीकी (लाईन) कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। शिविर में सहायक अभियंता गरियाबंद गणेश प्रसाद ने पीएम सूर्यघर योजना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि उक्त योजना अंतर्गत हम अपने घर की छतों में सोलर प्लांट लगाकर विद्युत उत्पादित कर बिजली बिल में कमी ला सकते हैं। गरियाबंद नगर के कई उपभोक्ताओं ने अपने घरों में सोलर प्लांट स्थापित कराकर अपने बिजली बिल को शून्य या पहले की अपेक्षा काफी कम किया है। कार्यपालन अभियंता हेमंत ठाकुर द्वारा बताया गया कि केन्द्र व राज्य शासन द्वारा सब्सिडी प्रदान की जा रही है। आप सभी अपने घरों में सोलर प्लांट स्थापित करें।
अधीक्षण अभियंता (वृत्त) महासमुन्द वाय.के. मनहर ने बताया गया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना वर्तमान के साथ-साथ भविष्य में भी लाभकारी है। सूर्यघर योजना से उपभोक्ता जहाँ एक ओर बिजली बिल में अपने घरों की बिजली बिल को बहुत कम कर सकते हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार का प्रयास है कि ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा मिले और विद्युत उत्पादन के परंपरागत तरीके से कार्बन उत्सर्जन के कारण होने वाले प्रदूषण से भी हम अपने गांव, शहर, राज्य व देश को बचा सकें। उन्होनें केन्द्र सरकार व राज्य शासन के द्वारा दी जाने वाली सब्सिडी के बारे में बताया तथा बैंक द्वारा आसान मासिक किश्तों की सुविधा के बारे में भी जानकारी दी। शिविर में अधीक्षण अभियंता द्वारा उपस्थित कर्मचारियों के द्वारा पूछे गये जिज्ञासापूर्ण प्रश्नों का समुचित जवाब देते हुये उनकी शंकाओं का निराकरण किया। अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सोलर प्लांट स्थापित करने अपनी लिखित सहमति भी प्रदान की गई।






