कूनो नेशनल पार्क से आई एक और खुशखबरी, चीता निर्वा ने पांच शावकों को दिया जन्म
Another good news came from Kuno National Park, Cheetah Nirva gave birth to five cubs
ग्वालियर। श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में निर्वा चीता ने पांच शावकों को जन्म दिया है। केद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने एक्स एकाउंट पर यह खुशखबरी शेयर की। हालांकि नईदुनिया ने 26 अप्रैल के अंक में ही यह जानकारी दे दी थी कि कूनो में निर्वा का प्रसव हो चुका है, हालाकि उस समय दो शावक ही दिखे थे।
बताया जाता है कि प्रसवकाल में दूर से ही निगरानी कर रही टीम को तीन और शावक नजर आए है। कूनो में शावकों की संख्या 19 हो गई है। कूनो और गांधी सागर अभयारण्य में कुल 12 चीते हैं।
निर्वा दूसरी बार मां बनी
चीता निर्वा ने इससे पहले 25 नवंबर 2024 को दो शावकों को जन्म दिया था, उनके शव क्षत विक्षत हालत में मिले थे। निर्वा अब दूसरी बार मां बनी है। कूनो में इससे पहले ज्वाला 5, आशा 3, गामिनी 4 और वीरा चीता दो 2 शावकों को जन्म दे चुकी है।
दो चीते गांधी सागर अभयारण्य भेजे गए
इसमें से एक शावक मुखी दो साल की तो कई शावक सवा साल तक के हो चुके हैं। कूनो में चीतों की संख्या 12 थी, जिनमें से दो चीते प्रभाष और पावक गांधी सागर अभयारण्य भेज दिए गए हैं। सात साल की हो चुकी निर्वा चीता दक्षिण अफ्रीका के मेपस रिजर्व से लाई गई थी।
सीएम ने शेयर की खुशखबरी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक्स पर इस खुशखबरी को साझा किया। उन्होंने कूनो नेशनल पार्क की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह भारत के जैव विविधता संरक्षण प्रयासों की सफलता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रकृति संरक्षण की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।






